कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने जूनियर इंजीनियर परीक्षा-2025 के पेपर दो और सीएचएसएल (टियर-II) की परीक्षा तिथि घोषित की है। आयोग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार जूनियर इंजीनियर भर्ती का दूसरा पेपर सात अप्रैल को होगा। परीक्षा के शहर की जानकारी 27 मार्च को आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी। चार अप्रैल को प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे।
वहीं, सीएचएसएल (टियर-II) की परीक्षा 10 अप्रैल को होगी। शहर की जानकारी एक अप्रैल को वेबसाइट पर दी जाएगी। एडमिट कार्ड सात अप्रैल को जारी किया जाएगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि दिव्यांग अभ्यर्थी स्क्राइब लाने वाले उम्मीदवारों का नए सिरे से पंजीकरण कराएंगे। पांच नवंबर 2025 से पहले के स्क्राइब पंजीकरण निरस्त कर दिए गए हैं।
स्क्राइब पंजीकरण को अब आधार प्रमाणीकरण से जोड़ा गया है। जूनियर इंजीनियर के दिव्यांग अभ्यर्थी तीन अप्रैल और सीएचएसएल के दिव्यांग अभ्यर्थी पांच अप्रैल रात 11 बजे तक स्क्राइब मैपिंग पूरी कर सकते हैं। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर लॉग-इन कर विवरण देख सकते हैं।