एसएससी : सीजीएलई 2020 टीयर टू परीक्षा में 73 फीसदी ने दी परीक्षा
- मध्य क्षेत्र में 13 शहरों में 94 केंद्रों पर आयोजित हुई परीक्षा
प्रयागराज। कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) कंबाइंड ग्रेजुएट लेवल परीक्षा 2020 (सीजीएलई) टीयर टू परीक्षा में 73 फीसदी अभ्यर्थी शामिल हुए। कंप्यूटर बेस्ड परीक्षा शुक्रवार और शनिवार को संपन्न हुई। मध्य क्षेत्र में यूपी और बिहार के 13 जिलों में कुल 94 केंद्रों पर यह परीक्षा आयोजित हुई। परीक्षा के लिए कुल 59602 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 43358 (72.75 फीसदी) अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित रहे।
सीजीएलई 2020 टीयर टू दोनों दिन दो पालियों में हुई। पहले प्रथम पाली में पेपर तृतीय और दूसरी पाली में पेपर चतुर्थ की परीक्षा हुई। पेपर तृतीय के तहत कनिष्ठ सांख्यिकी अधिकारी और पेपर चतुर्थ के तहत सहायक लेखा परीक्षा अधिकारी और सहायक लेखा अधिकारी की परीक्षा हुई। शनिवार को प्रथम पाली में सुबह नौ से 11 बजे तक पेपर वन तथा दूसरी पाली में दोपहर में दो से चार बजे के बीच (अंग्रेजी भाषा और समक्ष) की परीक्षा हुई। पेपर वन और टू की परीक्षा में सभी अभ्यर्थियों को शामिल होना अनिवार्य था। शनिवार को हुई पेपर वन की परीक्षा में यूपी में कुल 19056 अभ्यर्थी रहे, इसमें से कुल 14007 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। जबकि 5049 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। पेपर टू में 19056 अभ्यर्थी रहे, 13742 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। 5314 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। एसएससी मध्य क्षेत्र के निदेशक राहुल सचान ने मुताबिक परीक्षा सकुशल संपन्न हुई। संवाद