आक्रोशित डॉक्टरों ने इमरजेंसी से मरीजों को लौटाया
पुलिस लगी रही मान-मनौव्वल में, दी गई तहरीर
प्रयागराज। एसआरएन अस्पताल में मंगलवार को मरीज को लेकर पहुंचे तीमारदारों ने जूनियर डॉक्टर को पीट दिया जिसके बाद वहां हंगामा हो गया। आक्रोशित डॉक्टरों ने इमरजेंसी सेवा ठप कर दी। सूचना पर पुलिस पहुंची लेकिन तब तक हमलावर भाग चुके थे। भुक्तभोगी डॉक्टर की ओर से तहरीर दी गई है।
बताया जा रहा है कि धूमनगंज क्षेत्र में मंगलवार देर रात हुए हादसे में राजू यादव व झुल्लर यादव घायल हो गए। जिसके बाद उन्हें लेकर परिजन एसआरएन अस्पताल पहुंचे। यहां हालत गंभीर होने पर एक को लेकर परिजन प्राइवेट अस्पताल चले गए। जबकि दूसरे का इलाज जारी था। इसी दौरान इलाज को लेकर मरीज के साथ पहुंचे तीमारदारों की जूनियर डॉक्टर मुकेश से नोकझोंक हो गई। बात इतना बढ़ गई कि दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी जिसमें डॉक्टर जख्मी हो गया। साथी से मारपीट की खबर मिली तो वहां बड़ी संख्या में जूनियर डॉक्टर पहुंच गए। घटना से आक्रोशित होकर उन्होंने इमरजेंसी सेवा ठप कर दी।
उधर सूचना पर एसआरएन चौकी पुलिस पहुंची लेकिन तब तक आरोपी तीमारदार जा चुके थे। पुलिस ने मान-मनौव्वल की लेकिन डॉक्टर मानने को तैयार नहीं हुए। रात में पहुंचे एक मरीज को भी उन्होंने वापस कर दिया। देर रात एसपी सिटी बृजेश कुमार श्रीवास्तव भी मौके पर पहुंच गए और घटना के बारे में जांच पड़ताल की। उन्होंने बताया कि भुक्तभोगी डॉक्टर की ओर से तहरीर दी जा रही है। मुकदमा लिखकर कार्रवाई की जाएगी।