अतुल और युवराज बने मुक्केबाजी के राष्ट्रीय निर्णायक
बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से राष्ट्रीय जूनियर मुक्केबाजी चैंपियनशिप में निर्णायक की भूमिका निभाने वाले निर्णायकों की परीक्षा अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में आठ से 14 जुलाई तक आयोजित हुई, जिसमें प्रत्येक प्रदेश से 60-60 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। इसमें यूपी से दो खिलाड़ियों अतुल सिद्धार्थ व युवराज मिश्रा का चयन हुआ। अतुल नार्थ सेंटर रेलवे में स्टेशन अधीक्षक के पद पर कार्यरत हैं और राष्ट्रीय पदक विजेता भी रहे हैं। इसके अलावा वह प्रयागराज मुक्केबाजी संघ के सचिव भी हैं। वहीं, युवराज मिश्रा भी राष्ट्रीय खिलाड़ी रहे हैं।
पैरेंट्स इलेवन ने टीचर इलेवन को हराया
बेथनी कॉन्वेंट स्कूल में शनिवार को फिट इंडिया प्रोग्राम के तहत पैरेंट्स इलेवन और टीचर इलेवन के बीच क्रिकेट मैच खेला गया, जिसमें पैरेंट्स इलेवन ने आठ विकेट से जीत दर्ज की। टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी टीचर इलेवन ने 15 ओवर में 71 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पैरेंट्स इलेवन की टीम ने दस ओवर में दो विकेट खोकर 72 रन बना लिए। स्कूल की प्रधानाचार्य सिस्टर शमिता ने विजेता एवं उपविजेता टीम को सम्मानित किया।
सिद्धार्थ यूपी अंडर-16 स्टैंड बाई में
दौलत हुसैन क्रिकेट क्लब के हरफनमौला खिलाड़ी सिद्धार्थ वर्मा का चयन बीसीसीआई की ओर से आयोजित विजय मर्चेंट ट्रॉफी अंडर-16 क्रिकेट प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की स्टैंड बाई में किया गया है। दाएं हाथ के लेग ब्रेक गेंदबाज सिद्धार्थ मालवीय नगर के रहने वाले हैं। ममता वर्मा व संतोष वर्मा के बेटे सिद्धार्थ दौलत हुसैन क्रिकेट क्लब के कोच रिजवान खान से प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं। सिद्धार्थ के चयन पर दौलत हुसैन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य जमीलुर रहमान, देवेश मिश्रा, शहनवाज खान, मनीष यादव और शमशेर अली खान ने बधाई दी है।
मॉइटी डिमोंस और एडवोकेट एसोसिएशन सेमीफाइनल में
दि मॉइटी डिमोंस ने प्रयागराज इलेवन को छह विकेट से और एडवोकेट एसोसिएशन ने एएलसी को नौ विकेट से हराकर इलाहाबाद राउंड टेबल प्रीमियर लीग टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। शनिवार को गवर्नमेंट प्रेस मैदान पर बल्लेबाजी करते हुए प्रयागराज इलेवन ने 19.2 ओवर में 139 रन बनाए, जिसके जवाब में दि मॉइटी डिमोंस ने 16.4 ओवर में चार विकेट खोकर 143 रन बना लिए। वहीं, दूसरे मैच में एएलसी को 17.4 ओवर में 83 रन पर समेटकर एडवोकेट एसोसिएशन ने 8.2 ओवर में एक विकेट खोकर 84 रन बना लिए।
करछना, शहर दक्षिणी, उरवा और मेजा ब्लॉक ने लहराया परचम
सांसद खेलकूद स्पर्धा में ब्लॉक की टीमों ने शानदार प्रदर्शन कर खिताब पर कब्जा जमा लिया। केपी इंटर कॉलेज खेल मैदान पर शनिवार को फाइनल मुकाबले में कबड्डी बालक का विजेता करछना ब्लॉक बना, जबकि बालिका वर्ग में शहर दक्षिणी ने बाजी मारी। बालक वर्ग में जसरा ब्लॉक और बालिका वर्ग में जसरा-द्वितीय टीम उपविजेता बनी। वहीं, वॉलीबॉल बालक वर्ग का खिताब उरवा ब्लॉक ने जीता और मेजा ब्लॉक उपविजेता बना। खो-खो महिला वर्ग में मेजा ब्लॉक चैंपियन और उरवा ब्लॉक उपविजेता बना। प्रतियोगिता के विभिन्न स्पर्धाओं में कुल 44 टीमों ने फाइनल मैच में जगह बनाई।
सांसद प्रो.रीता बहुगुणा जोशी ने केपी इंटर कॉलेज में फाइनल मुकाबले का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया फिट रहो इंडिया के विचार के तहत अपनी उड़ान भरो। खेल स्पर्धा में विभिन्न स्कूलों से कुल पांच हजार से अधिक खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। विशिष्ट अतिथि भाजपा महानगर अध्यक्ष राजेंद्र मिश्रा ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। यहां सांसद प्रतिनिधि राजेश त्रिपाठी, सुनील शुक्ला, संदीप सिंह, उमेश खरे, पुष्पा श्रीवास्तव और अभिन्नश्याम गुप्ता रहे।
मुख्यमंत्री करेंगे विजेताओं को सम्मान
सांसद खेलकूद स्पर्धा का शनिवार को समापन हो गया, लेकिन विजेता व उपविजेता टीमों को पुरस्कार नहीं वितरित किए गए। सूत्रों के मुताबिक सांसद रीता बहुगुणा जोशी ने सीएम योगी आदित्यनाथ के हाथों पुरस्कार वितरित कराने की योजना बनाई है। सांसद ने मुख्यमंत्री से पुरस्कार वितरण समारोह में शामिल होने के लिए संपर्क भी साधा है। पुरस्कार समारोह को दिसबंर में आयोजित कराया जाएगा। सांसद ने कहा कि पुरस्कार वितरण जल्द ही एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ कराया जाएगा।
चौधरी नौनिहाल बी आठ विकेट से जीता
चौधरी नौनिहाल सिंह क्रिकेट क्लब बी ने मनीष देब/स्कंद गुप्त अंडर-16 क्रिकेट लीग में सावित्री देवी क्लब को आठ विकेट से हराया। केपी कॉलेज मैदान पर शनिवार को खेले गए मैच में सावित्री देवी क्लब ने 37 ओवर में 122 रन (सौरभ यादव 37, मो. अली 5/24 नितिन मौर्य 4/15) बनाए। जवाब में चौधरी नौनिहाल सिंह क्रिकेट क्लब बी ने 25.3 ओवर में दो विकेट खोकर 123 रन (देव प्रयाग 66 नाबाद, ऋषभ पाल 1/20) बना लिए।
अर्श ने तुलसी क्लब को दिलाई जीत
प्रयागराज। तुलसी क्लब ने शशि द्विवेदी अंडर-14 बालक/बालिका क्रिकेट लीग में सोनावती क्लब को 86 रन से हरा दिया। परेड मैदान पर शनिवार को खेले गए मैच में तुलसी क्लब ने 40 ओवर में सात विकेट खोकर 229 रन (तन्मय श्रीवास्तव 41, प्रियांश 3/25) बनाकर सोनावती क्लब को 29 ओवर में 143 रन (हनुष यादव 69, अर्श अध्योत जायसवाल 4/43) पर समेट दिया।