एसपीएम कॉलेज में मतदान 21 और 22 को
महाविद्यालय ने जारी किया छात्र परिषद चुनाव का कार्यक्रम
प्रयागराज। श्याम प्रसाद मुखर्जी (एसपीएम) महाविद्यालय में छात्र परिषद के लिए मतदान दो चरणों में 21 एवं 22 अक्तूबर को होगा। महाविद्यालय प्रशासन की ओर से सोमवार को चुनाव का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया गया।
महाविद्यालय में मंगलवार को सुबह 11 से दोपहर दो बजे तक मतदान सूची पर आईं आपत्तियां का निस्तारण कर करते हुए अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी जाएगी। कक्षा प्रतिनिधि के लिए आवेदन पत्रों की बिक्री 15 एवं 16 अक्तूबर को होगी और नामांकन 17 अक्तूबर को सुबह 11 से दोपहर एक बजे तक और नामांकन सूची का प्रकाशन दोपहर एक से तीन बजे तक किया जाएगा। नाम वापसी, नामांकन पर आपत्तियों का आमंत्रण एवं नामांकन पत्रों की जांच 18 अक्तूबर को अपराह्न दो बजे तक होगी और उसी दिन अपराह्न तीन बजे तक वैध प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी।
कक्षा प्रतिनिधि के लिए मतदान 21 अक्तूबर को सुबह 8.30 से दोपहर 12.30 बजे तक, मतगणना दोपहर दो बजे से और चुनाव परिणाम की घोषण एवं शपथ ग्रहण मतगणना समाप्त होने के बाद कराया जाएगा। परिषद के पदाधिकारी पद के लिए नामांकन पत्रों की बिक्री एवं नामांकन 22 अक्तूबर को सुबह नौ से 10.30 बजे तक, आपत्तियां एवं नाम वापसी सुबह 10.30 से 11 बजे तक, नामांकन पत्रों की जांच एवं वैध प्रत्याशियों की सूची का प्रकाशन सुबह 11 से दोपहर 12 बजे तक, मतदान अपराह्न 12.30 से 1.30 बजे तक, मतगणना अपराह्न तीन बजे से और शपथ ग्रहण परिणाम घोषित होने के बाद होगा।
इविवि में वोटर लिस्ट फाइनल
- इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्र परिषद के चुनाव के लिए फाइनल वोटर लिस्ट तैयार कर ली गई है। छात्र परिषद के कक्षा प्रतिनिधियों को 17 हजार 748 मतदाता चुनेंगे। इनमें 13419 वोटर छात्र और 6329 वोटर छात्राएं हैं। स्नातक में 11875 और परास्नातक में 7873 मतदाता हैं। स्नातक में 8455 मतदाता छात्र एवं 3420 मतदाता छात्राएं और परास्नातक में 4964 छात्र एवं 2909 मतदाता छात्राएं हैं।
आज से नामांकन फॉर्म की हार्डकॉपी भी मिलेगी
- इविवि में छात्र परिषद चुनाव के लिए नामांकन फॉर्म ऑनलाइन कर दिया गया है लेकिन प्रत्याशियों को इसे डाउनलोड करने में दिक्कत आ रही हे। इस समस्या को देखते हुए इविवि प्रशासन ने प्रत्याशियों को नामांकन फॉर्म की हार्डकॉपी उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। निर्वाचन अधिकारी प्रो. आरके सिंह के अनुसार नामांकन फॉर्म और उसके संलग्नक 15 अक्तूबर से लाल पद्मधर भवन से प्राप्त किए जा सकते हैं। छात्र इविवि की ओर से जारी परिचय पत्र दिखाकर सुबह 10 से शाम पांच बजे तक नामांकन फॉर्म एवं संलग्नक नि:शुल्क प्राप्त कर सकते हैं। वहीं, छात्राएं नामांकन पत्र एवं उसके संलग्नक महिला कॉलेज परिसर के सरोजिनी नायडू छात्रावास के कार्यालय से भी प्राप्त कर सकती हैं।