बायोमेट्रिक मशीन लगाने पर ही मिलेगी छात्रवृत्ति
राज्य विवि प्रशासन ने सभी कॉलेजों को जारी किए निर्देश
प्रयागराज। प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भइया) राज्य विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में बायोमेट्रिक हाजिरी के आधार पर ही छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति का भुगतान किया जाएगा। इसके लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी महाविद्यालयों को पत्र जारी करते हुए बायोमेट्रिक मशीन लगवाने के निर्देश दिए हैं।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव शेषनाथ पांडेय की ओर से महाविद्यालयों के प्रबंधकों एवं प्राचार्यों को जारी पत्र में कहा गया है कि दशमोत्तर छात्रवृत्ति नियमावली के तहत शैक्षिक सत्र 2019-20 में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति के भुगतान के लिए न्यूनतम 75 फीसदी उपस्थित अनिवार्य की गई है। इसलिए अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की उपस्थिति की अनिवार्य गणना के लिए बायोमेट्रिक मशीन लगाई जाए और विश्वविद्यालय को इसकी सूचना भेजी जाए। कॉलेज ऐसा नहीं करते हैं और पात्र छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति प्राप्त नहीं होती है तो इसके लिए संबंधित शिक्षण संस्था के प्रबंधन एवं प्राचार्य जिम्मेदार होंगे।