छठ की भीड़ संभालने के लिए रेलवे ने पहली बार बुधवार रात ईस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (ईडीएफसी) पर यात्री ट्रेन चलाई। रेलवे का यह प्रयोग सफल रहा। ऐसे में बताया जा रहा है कि प्रयागराज में लगने वाले माघ मेले के दौरान आवश्यकता पड़ने पर कॉरिडोर पर स्पेशल ट्रेनों चलाई जा सकती हैं। अब कॉरिडोर में यात्री ट्रेन के सफल संचालन के बाद अब यह रेलमार्ग माघ मेला, दिवाली, छठ आदि जैसे पर्वों के दौरान स्पेशल ट्रेन संचालन का विकल्प भी बन गया है। ईडीएफसी को वर्तमान में मालगाड़ियों के संचालन के लिए उपयोग किया जाता है।
यह कॉरिडोर लुधियाना से पश्चिमी बंगाल के दानकुनी तक रेलवे का एक महत्वपूर्ण गलियारा है। इस मार्ग पर ट्रेनों की गति की निगरानी प्रयागराज स्थित एशिया के सबसे बड़े अत्याधुनिक ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर (ओसीसी) से की जाती है। एनसीआर के सीपीआरओ शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि भविष्य में कॉरिडोर का उपयोग आवश्यकता पड़ने पर यात्री ट्रेन के संचालन के लिए किया जा सकता है। माघ मेले के दौरान भी इसके उपयोग पर विचार चल रहा है।