पीसीएस मुख्य परीक्षा 2017 में गलत पेपर बांटने के मामले लोक सेवा आयोग अध्यक्ष समेत अन्य की जांच एसएसपी ने एसपी क्राइम को सौंपी है। सीजेएम ने एसएसपी को जांच के आदेश दिए थे। उसी क्रम में एसपी क्राइम को जांच सौंपी गई है। एसपी क्राइम को एक अक्टूबर तक आख्या सौंपने को कहा गया है।
इस मामले में वादी अवनीश पांडेय ने लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष डा. अनिरुद्ध सिंह यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना की अर्जी दी है। वादी का कहना है कि 19 जून 2017 को पीसीएस की मुख्य परीक्षा थी। जीआईसी में सामान्य हिंदी के पेपर की जगह निबंध का पेपर बांट दिया गया था। वहां अभ्यर्थियों ने विरोध जताया। वादी ने अध्यक्ष पर आरोप लगाया कि उन्होंने पहले तो अभ्यर्थियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई किए जाने का दबाव बनाया फिर विरोध को देखते हुए परीक्षा निरस्त कर दी। इसी मामले में सीजेएम ने एसएसपी से जांच करने को कहा है। सीजेएम के आदेश के क्रम में एसएसपी ने एसपी क्राइम को जांच सौंप दी।