हाईकोर्ट अधिवक्ता व समाजसेवी ने एसएसपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका आरोप है कि एक मामले की शिकायत लेकर जाने पर एसएसपी ने अपने कमांड कार्यालय पर उनसे गालीगलौच की। साथ ही महिला के सामने अभद्रता की। अधिवक्ता ने इस संबंध में चुनाव आयोग के साथ ही सीजेआई, हाईकोर्ट चीफ जस्टिस समेत अन्य अफसरों को शिकायती पत्र भेजा है।
अधिवक्ता सुनील चौधरी का आरोप है कि 24 मार्च को रात आठ बजे वह एसएसपी से मिलने उनके कमांड कार्यालय पर पहुंचे।
इस दौरान उनके साथ उनके एनजीओ की महिला सदस्य भी थीं। उनकी मानें तो इससे पहले उन्होंने सीयूजी नंबर पर कॉल कर मिलने का समय भी मांगा था। कई घंटे इंतजार करने के बाद एसएसपी पहुंचे। अधिवक्ता का आरोप है कि परिचय देते ही एसएसपी ने उन्हें गालियां दीं। आरोप यह भी है कि इस दौरान एसएसपी के सुरक्षाकर्मियों ने भी उन्हें घेर लिया था। अधिवक्ता का कहना है कि दो दिन पहले एक मामले में बात करने पर इंस्पेटक्टर नैनी ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया था। जिसकी रिकॉर्डिंग भी उनके पास है।
इसी मामले की शिकायत लेकर वह एसएसपी से मिलने पहुंचे थे। अधिवक्ता ने बताया कि उन्होंने इस पूरे प्रकरण की शिकायत चुनाव आयोग, भारत के मुख्य न्यायधीश, हाईकोर्ट मुख्य न्यायाधीश के अलावा एडीजी, सचिव बार एसोसिएशन यूपी व अध्यक्ष हाईकोर्ट बार एसोसिएशन को रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से भेजी है। उन्होंने फर्जी मुकदमे में फंसाए जाने, हमला कराने की भी आशंका जताई है। इस मामले में एसएसपी से बात करने की कोशिश की गई लेकिन उन्होंने फोन नहीं रिसीव किया। उनके जनसंपर्क अधिकारी से भी बात की गई, इसके बावजूद इस मामले में एसएसपी की ओर से कोई बयान नहीं आया।