साउथ मलाका में रहने वाली सपा पार्षद के बेटे का शव बृहस्पतिवार रात फांसी पर लटका मिला। घरवालों का कहना है कि उसने फांसी लगाकर जान दी। हालांकि उसने ऐसा कदम क्यों उठाया, इस बारे में वह कुछ बता नहीं पाए। बड़ी बात यह है कि देर रात पुलिस घटना की जानकारी से इंकार करती रही।
कोतवाली थाना क्षेत्र के साउथ मलाका में रहने वाले पुलकित यादव सपा नेता हैं। वह पार्षद भी रह चुके हैं और वर्तमान में उनकी पत्नी निमांशु यादव पार्षद हैं। उनके दो बेटों में शिवम यादव(26) बड़ा था। वह पोखरा, नेपाल स्थित कॉलेज से एमबीबीएस की पढ़ाई कर चुका था। साथ ही पिछले कुछ महीनों से घर पर ही था। अगले महीने उसे एमडी का कोर्स करने अमेरिका जाना था जिसके लिए उसने पासपोर्ट आदि भी बनवा लिया था। बृहस्पतिवार शाम पिता अपने कार्यालय में बैठे थे जबकि मां डॉक्टर के पास गई थीं। घर में छोटा भाई कार्तिक ही था। इसी दौरान शिवम अल्लापुर में रहने वाली नानी के घर से आया और सीधे पहले तल पर स्थित अपने कमरे में चला गया।
रात आठ बजे के करीब मां अस्पताल से लौटी। पूछने पर कार्तिक ने बताया कि शिवम अपने कमरे में है। मां के कहने पर वह भाई को बुलाने पहुंचा तो वहां का नजारा देखकर उसकी चीख निकल गई। शिवम फांसी पर लटका हुआ था। पंखे पर दुपट्टे से फंदा बनाया गया था। आननफानन में उसे फंदे से उतारा गया लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। इस पर परिजन बिलखने लगे। शिवम ने किस वजह से यह कदम उठाया, इस बारे में परिजन भी कुछ बता नहीं पाए। उधर पुलिस घटना की जानकारी से ही इंकार करती रही। कोतवाली इंस्पेक्टर विनोद सिंह ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है।