फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खुलासा : पांच लाख की सुपारी देकर बेटे ने करा दिया रिश्ते का कत्ल, झोलाछाप ने ली थी सुपारी

Mon, 06 Nov 2023 12:47 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

मन्नालाल की हत्या 30 अक्तूबर की भोर में की गई थी। सुबह खेत के पास सड़क पर उनका खून से लथपथ शव मिला था। मृतक की बहन ने उनके बेटे कल्लू व पत्नी बेला को नामजद कराया था, जो चिल्ला मुंजप्ता गांव में रहते हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी तो कुछ ऐसे सुबूत मिले, जिससे बेटे पर शक गहरा गया।
विज्ञापन
crime - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

एयरपोर्ट क्षेत्र के बिलासपुर गांव में एक हफ्ते पहले हुई मन्नालाल (58) की हत्या उसके ही बेटे कल्लू ने पांच लाख की सुपारी देकर कराई थी। सुपारी गांव के एक झोलाछाप ने ली थी। 30 हजार एडवांस लेकर उसने भाड़े के पांच बदमाशों का इंतजाम कराया। पुलिस ने बेटे समेत सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

 

मन्नालाल की हत्या 30 अक्तूबर की भोर में की गई थी। सुबह खेत के पास सड़क पर उनका खून से लथपथ शव मिला था। मृतक की बहन ने उनके बेटे कल्लू व पत्नी बेला को नामजद कराया था, जो चिल्ला मुंजप्ता गांव में रहते हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी तो कुछ ऐसे सुबूत मिले, जिससे बेटे पर शक गहरा गया।

विज्ञापन


जांच में गांव में ही दवाखाना चलाने वाले झाेलाछाप अजय कुमार उर्फ सुनील का नाम सामने आया। यह भी पता चला कि घटना से पहले दोनों की कई बार आपस में बातचीत हुई। दोनों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की गई तो सनसनीखेज खुलासा हुआ।

आमने-सामने बैठाकर की पूछताछ तो खुली हकीकत


पुलिस के मुताबिक, आरोपियाें ने पूछताछ में सुपारी देकर कत्ल कराने की बात कुबूल की। कल्लू ने बताया कि उसने पांच लाख की सुपारी देकर पिता का कत्ल कराया। दरअसल, उसके पिता करीब 25-30 साल से परिवार से अलग होकर दूसरी महिला के साथ रहने लगे थे। यही नहीं वह अपनी पैतृक जमीनें धीरे-धीरे बेच भी रहे थे। जब कल्लू और उसकी मां अपना हिस्सा मांगते तो उसे जलील करते थे।

इसी के चलते उसने पिता की हत्या की साजिश रची। गांव के झोलाछाप से संपर्क किया और पांच लाख में सुपारी दी। 30 हजार एडवांस भी दिए। सुनील ने पूरामुफ्ती के मीरपुर, अहमदपुर पावनपुर गांव निवासी पांच भाड़े के कातिलों का इंतजाम किया और उन्हें पूरी योजना समझाकर वारदात अंजाम दिलवा दी। इनमें वीरेंद्र कुमार उर्फ बिन्ना, विजय बहादुर पासी, नन्हा, सुमित कुमार व अंशू उर्फ अनुज शामिल हैं।

विज्ञापन

लोहे के पाइप से किया था वार

पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए भाड़े के हत्यारोपियों ने पूछताछ में बताया कि सुनील ने उन्हें बिलासपुर गांव में ले जाकर मन्नालाल की पहचान कराई थी। इसके बाद उनमें से दो लोगों ने पांच दिन तक रेकी की। मन्नालाल रोज तड़के खेत जाया करते थे। सुनसान होने के कारण उन्होंने हत्या के लिए सुबह का वक्त चुना। घटना वाले दिन दो बदमाश रेकी करते रहे जबकि अन्य तीन मन्नालाल के पीछे लग गए। फिर मौका पाकर पीछे से सिर पर लोहे के पाइप से वारकर उन्हें मौत के घाट उतार दिया।

सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। अब तक कि विवेचना में घटना में मृतक की पत्नी की संलिप्तता की बात सामने नहीं आई है। - दीपक भूकर, डीसीपी नगर

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें