बिजली गिरने से खेत में काम कर रहे बेटे की मौत हो गई। वहीं पिता गंभीर रूप से झुलस गया। इस दौरान परिजनों में कोहराम मचा रहा। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के हंसराजपुर गांव के रहने वाले विजय बहादुर (48) पुत्र छोटे लाल खेती किसानी का काम करते हैं। बृहस्पतिवार दोपहर बाद वे अपने बेटे संदीप कुमार (18) के साथ खेत में काम कर रहे थे। इसी बीच तेज बारिश और बादलों की गड़गड़ाहट के दौरान खेत में बिजली गिर गई।
जिससे पिता-पुत्र चपेट में आ गए। जब तक लोग वहां पहुंचते किसान के बेटे संदीप की मौत हो चुकी थी। परिजन विजय बहादुर को इलाज के लिए अस्पताल लेकर भागे। जहां उनका इलाज चल रहा है। सूचना पर कोतवाली प्रभारी बृजेश सिंह के अलावा तहसीलदार फूलपुर राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल करते हुए दैवीय आपदा राहत कोष से मदद की बात कही।
सड़क पर लावारिस मिली बाइक
जंघई गोधना मार्ग से अगहुआ गांव से होकर चौकीखुर्द गांव जाने वाले संपर्क मार्ग पर भोर में एक बाइक सड़क किनारे खड़ी मिली। सुबह दस बजे तक बाइक लेने कोई नहीं पहुंचा तो ग्रामीणों ने इसकी जानकारी पुलिस को दे दी। इस पर सिपाही सुधीर कुमार व सिपाही नौशाद मौके पर पहुंच कर बाइक को कब्जे में ले लिया।
मास्क नहीं लगाने पर जुर्माना
जंघई चौकी इन्चार्ज ने चेकिंग अभियान चलाकर बिना मास्क के यात्रा कर रहे लोगों से दो हजार एक सौ रुपये वसूला है। जंघई चौकी प्रभारी राजेश कुमार सिंह व सिपाही अमित यादव, रोहित, राकेश कुमार, अमरेश शाम सात बजे दुर्गागंज हंडिया तिराहे पर चेकिंग अभियान चलाए। जिसमें 21 लोगों को बिना मास्क के दो हजार एक सौ रुपये वसूला व चार आनलाइन चालान किया।