जिले में शनिवार को थाना समाधान दिवस में शिकायतों की भरमार रही। इस दौरान ज्यादातर शिकायतों में फरियादियों को मायूसी ही हाथ लगी। कहीं निस्तारण शून्य रहा तो कहीं इक्का-दुक्का फरियादों का निपटारा हुआ।
थानों में कुछ शिकायतें तो सुलझाई गईं लेकिन ज्यादातर समाधान के फेर में उलझी रहीं। अफसर भी हर बार की तरह इस बार भी अपने कनिष्ठ अधिकारी को निर्देशित करते रहे।
नवाबगंज में निस्तारण शून्य, घूरपुर में एक का समाधान
थाना नवाबगंज में समाधान दिवस पर आठ शिकायतें आईं। इनमें से जमीन से संबंधित सात व पुलिस से संबंधित एक शिकायत मिली थी। समाधान दिवस में कोई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं था। राजस्व विभाग के अधिकारी भी नदारद रहे। इस वजह से एक भी शिकायत का निस्तारण नहीं हुआ।
वहीं, घूरपुर थाने पर एडीएम सिविल सप्लाई विजय शर्मा शिकायतों का निस्तारण करने पहुंचे। इस दौरान राजस्व निरीक्षकों और लेखपालों से उनके क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी ली। समाधान दिवस में पांच शिकायती पत्र मिले थे। इसमें से एक का निस्तारण हुआ।
सोरांव थाने में रैया गांव में सामुदायिक शौचालय में ताला बंद करने की शिकायत लेकर फरियादी लाल बहादुर पहुंचे। उन्होंने केयरटेकर पर जबरन ताला लगाने का आरोप लगाया है।
नाली की नाप कराने के लिए चौथी बार पहुंचे फरियादी
थाना खीरी परिसर में नायब तहसीलदार बड़ोखर रणविजय सिंह और निरीक्षक खीरी दीनदयाल की मौजूदगी में समाधान दिवस आयोजित हुआ। इसमें चार शिकायतें मिलीं। पुलिस से संबंधित एक शिकायत का निस्तारण हुआ।
इस दौरान ग्राम चांद खम्हरिया निवासी फरियादी दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि वह नाली की नाप कराने के लिए चौथी बार समाधान दिवस में पहुंचे लेकिन अब तक नाली की नाप नहीं कराई गई है।
वहीं, करछना के सेमरी तालुका पुरवा निवासी राजकुमारी ने आरोप लगाया है कि खेत में पत्थर नसब की कार्रवाई होने के बावजूद पत्थर उखाड़ कर जमीन पर धान की रोपाई की जा रही है। राजकुमारी ने एसडीएम से न्याय की गुहार लगाई है। थाने में नौ शिकायतें आईं लेकिन सभी फरियादियों को मायूस लौटना पड़ा।
मेजा में 10 फरियादों और कोरांव में दो का समाधान
थाना परिसर मेजा में 22 फरियादी शिकायत लेकर पहुंचे। मौके पर 10 मामलों का निस्तारण किया गया। एसडीएम अजीत प्रताप सिंह, नायब तहसीलदार मेजा नंद लाल और मेजा थाने के इंस्पेक्टर नितेंद्र कुमार शुक्ला ने शिकायतें सुनीं। मेजारोड पटेल नगर से स्टेशन की ओर जाने वाली ध्वस्त सड़क को ठीक कराए जाने की मांग की गई।
वहीं, कोरांव में तहसीलदार रोशनी सोलंकी की अध्यक्षता में समाधान दिवस में 16 फरियादियों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। दो का निस्तारण किया गया। थाना उतरांव में 10 में से पांच शिकायतों का निस्तारण किया गया।