समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव द्वारा मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को पार्टी से बाहर निकाले जाने पर शुक्रवार को सपाई भड़क गए। नाराज सपाइयो ने मुलायम सिंह यादव और शिवपाल यादव के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। नाराज अखिलेश समर्थकों ने मुलायम और शिवपाल के पुतले और पोस्टर में भी आग लगा दी। इस बीच समाजवादी युवजन सभा के जिलाध्यक्ष संदीप यादव और नगर अध्यक्ष राहुल सिंह ने भी क्षुब्ध होकर अपने पद से इस्तीफा दे दिया। पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने नारे लगाए कि ‘अखिलेश से अच्छा कोई नहीं, शिवपाल को हटाओ सपा को बचाओ। ’
शाम को मुलायम सिंह यादव द्वारा लखनऊ में प्रेस कांफ्रेंस कर जैसे ही मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और शिवपाल यादव को पार्टी से छह साल के लिए बाहर किए जाने की घोषणा की गई वैसे ही इलाहाबाद में मुख्यमंत्री के समर्थक भड़क गए। बैहराना में युवजन सभा के पूर्व उपाध्यक्ष अरुण गुप्ता के नेतृत्व में सपाइयो ने मुलायम और शिवपाल के पोस्टर में आग लगा दी। नारे लगाये कि ‘जिस ओर जवानी चलती है उस ओर जमाना चलता है।’ इस दौरान सुधीर कुमार, अनिल हेला, पप्पू मल्लाह, सुनील कुमार, रविशंकर आदि मौजूद रहे। सुभाष चौराहे पर समाजवादी महिला सभा की प्रदेश सचिव पूजा मिश्रा ने भी शिवपाल के खिलाफ प्रदर्शन किया।
कहा कि अगर सीएम को वापस पार्टी में न लिया गया तो वे शनिवार को इस्तीफा देंगी। प्रदर्शन के दौरान सीएमपी कालेज छात्रसंघ की उपाध्यक्ष आस्था मिश्रा, प्रखर यादव, सुमित, निहाल सिंह आदि मौजूद रहे। इसी क्रम में सुभाष चौराहे पर सपा के नामित पार्षद गोलू यादव, महानगर उपाध्यक्ष आकीब जावेद, मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष रणधीर यादव आदि ने इस फैसले के खिलाफ अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया। इस दौरान रिहान अहमद, बंटी यादव आदि मौजूद रहे। अखिलेश समर्थकों ने बुधवार की रात मोटर साइकिल जुलूस भी निकाला। हर किसी ने मुलायम के इस फैसले को गलत ठहराया।