केशव प्रसाद मौर्य के फूलपुर सांसद पद से इस्तीफा देने के बाद इस संसदीय सीट में उपचुनाव का माहौल भी बनने लगा है। उनके इस्तीफा देने के बाद से लगातार भाजपाई इस सीट से उनके परिवार के किसी सदस्य को टिकट दिए जाने की मांग कर रहे हैं। सोशल मीडिया में भी इसे लेकर भाजपाइयों ने मुहिम छेड़ दी है। रविवार को सीएम योगी आदित्यनाथ भी इलाहाबाद पहुंच रहे है, सो तमाम भाजपाइयों ने सीएम के यहां पहुंचने से पूर्व उनसे मांग की है कि रविवार को विद्या भारती के कार्यक्रम में वह भी केशव के परिजनों को फूलपुर सीट से उम्मीदवारी दिए जाने की पैरवी करें।
केशव मौर्य के इस्तीफे के बाद ही तय था कि फूलपुर में उपचुनाव की तारीख कभी भी घोषित हो सकती है। इस चुनाव में भाजपा द्वारा डिप्टी सीएम केशव के परिजनों को ही टिकट दिए जाने की चर्चा है। पिछले कुछ दिनों से केशव मौर्य के बार-बार इलाहाबाद आने से उनके परिवार के किसी सदस्य को टिकट दिए जाने की चर्चा को भी बल मिला है। तमाम भाजपाई भी केशव के परिजनों को ही उम्मीदवार बनाने की मांग कर रहे हैं। दिवाली के आसपास उनके पुत्र योगेश मौर्य तो अब भाजपाई उनकी पत्नी राजकुमारी मौर्य को इस सीट से उम्मीदवार बनाने की मांग कर रहे हैं।
कौशांबी जिले में उनके भाई को फूलपुर से टिकट दिए जाने की मांग भाजपाइयों ने की है। इस बीच भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य सुबोध सिंह, अरुण अग्रवाल आदि नेताओं ने फूलपुर सीट से केशव को उम्मीदवार बनाए जाने की मांग की है। सोशल मीडिया के माध्यम से कहा गया कि डा. मुरली मनोहर जोशी के कानपुर जाने के बाद इलाहाबाद को एक कद्दावर नेता की कमी खल रही थी जो केशव ने पूरी कर दी है। भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि इस सीट से केशव के परिजन को ही टिकट दी जाए। भाजपा नेता सुशील मिश्र, अजय राय, आशीष गुप्ता, पवन श्रीवास्तव आदि ने भी डिप्टी सीएम के परिजन को टिकट दिए जाने की वकालत की है। उधर 19 जनवरी को माघ मेले में विहिप के संत सम्मेलन-धर्मसभा में आने के बाद विद्या भारती के कार्यक्रम में दोबारा सीएम योगी रविवार को इलाहाबाद पहुंच रहे हैं।
‘भाजपा कार्यकर्ताओं की इच्छा है कि फूलपुर उपचुनाव में डिप्टी सीएम के परिजनों को ही टिकट दिया जाए। हालांकि यह निर्णय पार्टी के संसदीय दल को लेना है।’ - अवधेश गुप्ता, महानगर अध्यक्ष, भाजपा।