छोटे-छोटे पार्सल अब स्थानीय कारोबारियों के लिए बड़े बाजार का रास्ता खोल रहे हैं। डाक विभाग के माध्यम से शहर के कुटीर और लघु उद्यमी अपने उत्पादों के सैंपल विदेश भेज रहे हैं, जिससे उन्हें अंतरराष्ट्रीय खरीदारों तक पहुंचने का अवसर मिल रहा है।
प्रयागराज और कौशाम्बी क्षेत्र के 99 डाकघरों से जुलाई 2025 से जून 2026 के बीच 392 अंतरराष्ट्रीय पार्सल विदेश भेजे गए। इनमें बड़ी संख्या व्यापारिक सैंपलों की रही। प्रयागराज के प्रधान डाकघर में प्रवर अधीक्षक सुशील कुमार तिवारी ने बताया कि मुख्य रूप से मूंज से बने उत्पाद, लाख से तैयार सामग्री और काला नमक चावल विदेश भेजे जाते हैं।
इसके अलावा बागवानी से जुड़े पौधों और फूलों की कलमें भी अंतरराष्ट्रीय ग्राहकों तक पहुंचाई जाती हैं। गुणवत्ता पसंद आने पर आगे बड़े ऑर्डर मिलने की संभावना बनती है। आंकड़ों के अनुसार फरवरी 2026 में सबसे अधिक 77 पार्सल विदेश भेजे गए।
इसके अलावा दिसंबर 2025 में 53 और जनवरी 2026 में 44 पार्सलों की बुकिंग हुई। देशवार बुकिंग में अमेरिका पहले और कनाडा दूसरे स्थान पर रहा। इसके अलावा यूनाइटेड किंगडम, सऊदी अरब, सिंगापुर, श्रीलंका, नेपाल, रूस, जापान और कतर के लिए भी नियमित रूप से पार्सल भेजे गए।
जुलाई 2025 से जून 2026 तक अंतरराष्ट्रीय पार्सल बुकिंग
जुलाई – 17
अगस्त – 20
सितंबर – 18
अक्टूबर – 21
नवंबर – 20
दिसंबर – 53
जनवरी – 44
फरवरी – 77 (सर्वाधिक)
मार्च – 37
अप्रैल – 29
मई – 29
जून – 27
अंतरराष्ट्रीय पार्सल भेजे जाने वाले टॉप 10 देश
1-अमेरिका
2-कनाडा
3-यूनाइटेड किंगडम
4-सऊदी अरब
5-सिंगापुर
6-श्रीलंका
7-नेपाल
8-रूस
9-जापान
10-कतर