लालगोपालगंज-रेलवे स्टेशन निर्माणाधीन मार्ग पर जलभराव
प्रतापगढ़ लोक निर्माण विभाग की ओर से जेठवारा मार्ग से शकरदहा तक सड़क निर्माण कार्य कराया जा रहा है। निर्माण की सुस्त रफ्तार के चलते लालगोपालगंज कर्बला से रेलवे स्टेशन तक का मात्र 500 मीटर का सफर लोगों के लिए कठिनाई भरा हो गया है।
लालगोपालगंज रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन सैकड़ों लोगों का आवागमन होता है। इसके अलावा यह मार्ग प्रतापगढ़ जनपद के कई गांवों को जोड़ता है। लोगों का आरोप है कि ठेकेदार की ओर से सड़क पटरी पर मिट्टी भराई के बाद गिट्टी बिछाई गई, लेकिन उचित देखरेख और समय पर कार्य न होने के कारण जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं।
कस्बे के मनोज कुमार केसरवानी, जियालाल यादव, मो. कौनैन, अनवारूल हसन, शेर अली, लालजी, शिव कुमार, लालचन्द्र, अमित कुमार गौतम, रामफेर आदि लोगों का कहना है कि रेलवे स्टेशन तक पहुंचने के लिए यह मार्ग सबसे महत्वपूर्ण है, लेकिन खराब स्थिति के कारण यात्रियों को असुविधा होती है।