पूरा क्षेत्र बुधवार को घने कोहरे और गलन की चपेट में आ गया। इससे बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। इलाके के बारा खास, लोहगरा, जारी, जसरा आदि कस्बों और गांवों में दिन भर सन्नाटा पसरा रहा। इक्का-दुक्का वाहन ही धीमी गति से चल रहे थे। क्षेत्र में बैंक, तहसील परिसर, स्कूल, काॅलेज सभी जगह लोगों को अलाव तापते देखा गया। वहीं
ठंड को देखते हुए शासन की ओर से चिह्नित 14 जगहों पर अलाव जलवाने का निर्देश दिए गए है। किंतु प्रशासन की उदासीनता के चलते अलाव जलाने में भारी लापरवाही देखी जा रही है। व्यापार मंडल अध्यक्ष बारा आशीष केसरी का कहना है कि बारा तिराहे पर अलाव नहीं जलने से यात्री और ग्रामीण ठिठुर रहे हैं। मामले में एडीएम आपूर्ति विजय कुमार शर्मा का कहना है कि अलाव जलाने का निर्देश तहसील प्रशासन को दिया गया है। लापरवाही मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।