वाराणसी से नई दिल्ली के बीच 31 अक्तूबर को अत्याधुनिक खूबियों वाली स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन शुरू होना तय है। इसका चमचमता नया रेक वाराणसी पहुंच चुका है। देश की दूसरी और यूपी की पहली 16 कोच वाली स्लीपर वंदे भारत में कुल 823 बर्थ की बुकिंग की जाएगी।
ट्रेन की संरचना के तहत इसमें थर्ड एसी के 11, सेकंड एसी के चार और फर्स्ट एसी का एक कोच शामिल किया गया है। खास बात यह है कि ट्रेन का प्राइमरी मेंटेनेंस वाराणसी में ही किया जाएगा और उत्तर रेलवे के अधिकारियों के अनुसार जल्द ही इसका दूसरा रैक भी पहुंच जाएगा।
ट्रेन वाराणसी कैंट स्टेशन से रात 8:50 बजे प्रस्थान करेगी। रात 10:35-10.40 बजे प्रयागराज जंक्शन, रात 12.40-12.45 बजे कानपुर सेंट्रल और सुबह 5:55 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। वहीं, वापसी में यह ट्रेन नई दिल्ली से रात 9:40 बजे चलकर अगले दिन सुबह 4.45-4.50 बजे प्रयागराज जंक्शन एवं सुबह 6:45 बजे वाराणसी पहुंच जाएगी।
31 अक्तूबर को यह ट्रेन स्पेशल ट्रेन के रूप में चलाई जाएगी। स्पेशल ट्रेन के रूप में इसका पहले दिन प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल एवं अलीगढ़ जंक्शन पर स्वागत कार्यक्रम होगा। इन तीनों ही स्टेशन पर होने वाले कार्यक्रम को लेकर जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रण पत्र भेजे जाने की तैयारी की जा रही है।
प्रयागराज जंक्शन पर प्रस्तावित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, सांसद प्रवीण पटेल, उज्ज्वल रमण सिंह, राज्यसभा सदस्य राधाकांत ओझा, मेयर गणेश केसरवानी, विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी, सिद्धार्थनाथ सिंह, दीपक पटेल, पूजा पाल आदि को आमंत्रित किया जा रहा है।