सीएमओ के स्तर से होने वाले निजी अस्पतालों, क्लीनिकों का पंजीकरण के नवीनीकरण का काम इस बार ऑनलाइन होगा। दस जनवरी तक औपचारिकता पूरी कर प्रपत्रों को मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में जमा न करने वालों के पंजीकरण निरस्त हो जाएंगे।
शासन ने इसके लिए दस जनवरी तक की मोहलत दी है। सोमवार तक 1200 से अधिक नर्सिंग होम, क्लीनिक में सिर्फ 148 ने ही पंजीकरण नवीनीकरण के लिए आवेदन किया है।
सीएमओ डॉ. प्रभाकर राय के मुताबिक पंजीकरण नवीनीकरण के लिए शासन ने नई व्यवस्था लागू की है। इसके लिए पहले 31 दिसंबर तक का समय दिया गया था। आवेदन की तिथि अब दस जनवरी तक बढ़ा दी गई है। ऑनलाइन आवेदन करने वालों को प्रपत्रों की छाया प्रति उनके कार्यालय में जमा करानी होगी।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में इलाहाबाद मेडिकल एसोशिएशन और नर्सिग होम एसोसिएशन के पदाधिकारियों को जानकारी दी जा चुकी है।
जानकारी के मुताबिक अस्पतालों, क्लीनिकों का पंजीकरण एक अप्रैल से 31 मार्च तक होता है।
इस बार कोरोना काल में सभी पंजीकृत अस्पतालों को पुराने पंजीकरण की मियाद 31 दिसंबर तक बढा दी गई थी। अब शासन की नई व्यवस्था के तहत अस्पताल, क्लीनिक संचालकों को ऑनलाइन ही आवेदन जमा करने होंगे। जिले में 1200 से अधिक चिकित्सकीय संस्थान हैं, दिसमें से करीब 12 फीसदी ने ही आवेदन किया है, जबकि अंतिम तिथि को सिर्फ छह दिन बचे हैं।