सूबे के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री और योगी सरकार के प्रवक्ता सिद्धार्थ नाथ सिंह ने शुक्रवार को एयरपोर्ट के लिए अधिकृत भूमि से प्रभावित किसानों के साथ हुई बैठक में कहा कि उन्हें अधिगृहीत भूमि का मुआवजा नई दर से दिया जाएगा। मुंडेरा में किसानों के प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई बैठक में कैबिनेट मंत्री ने उनकी तमाम समस्याएं भी सुनी और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
दिन में विमान द्वारा दिल्ली से इलाहाबाद पहुंचने पर सिद्धार्थ नाथ सिंह से किसानों ने मुख्य रूप से नई दर से मुआवजा दिए जाने की मांग की थी। किसानों की समस्याओं से अवगत होने के बाद कैबिनेट मंत्री ने ट्रांसपोर्ट नगर में बनी नई सड़कों का निरीक्षण किया और लगन गेस्ट हाउस में कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनीं। कानून व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि इससे कोई समझौता नहीं होगा। कैबिनेट मंत्री ने इविवि प्रकरण पर अपनी सफाई भी पेश की। कहा कि मैने वाराणसी की घटना पर बयान दिया था जिसे मीडिया ने इववि से जोड़ दिया। जो लोग 15-20 वर्षों से हॉस्टलों में है वह विद्यार्थी नहीं है। छात्र-छात्राएं अपनी पढ़ाई पर ध्यान दें।
हाईकोर्ट के निर्देशानुसार कार्रवाई हो रही है। कहा कि कुलपति से भी अपील है कि वह अपने अंदर नम्रता एवं संवेदनशीलता लाए। बसपा में चल रही उठा पठक को लेकर उन्होंने कहा कि बसपा बदतर स्थिति में पहुंच गई है। इस मौके पर पूर्व पार्षद अखिलेश सिंह, जगमोहन आर्य, दिनेश तिवारी, कमलेश कुमार, मधुरिका मिश्र, धनंजय सिंह, चंद्रभूषण सिंह, शोभिता श्रीवास्तव, चंद्रमा यादव आदि मौजूद रहे।