काजल का परिवार के ही एक युवक से था प्रेम संबंध
उसकी खून से लथपथ लाश चारपाई पर पड़ी थी। सिर में गोली मारकर उसे मौत के घाट उतारा गया था। इस पर घरवालों में चीखपुकार मच गई। युवती की हत्या की सूचना पर सनसनी फैल गई। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। जानकारी पर पुलिस अफसर भी आ गए। जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच पड़ताल में यह बात सामने आई कि काजल का परिवार के ही एक युवक से प्रेम संबंध था। एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि पिता ने अपने भाई के बेटे पर हत्या का शक जताया है। लेकिन तहरीर में उसका नाम नहीं लिखा है। फिलहाल अज्ञात में केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
घर में रखी जैकेट पर मिले खून के छींटे, पुलिस पसोपेश में
पूरामुफ्ती में घर के भीतर युवती की हत्या के बाद सनसनी फैल गई। किसी को कुछ समझ नहीं आ रहा था कि आखिर हत्या किसने और क्यों की। सबसे बड़ी बात यह कि बगल के कमरे में सो रहे घरवालों को भी भनक नहीं लगी। जांच पड़ताल के दौरान एक और चौंकाने वाली बात सामने आई। घर के भीतर ही पुलिस को एक जैकेट मिली, जिस पर खून के छींटे थे। पुलिस अफसरों का कहना है कि कई बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच पड़ताल की जा रही है।
हत्या की सूचना पर पुलिस पहुंची शव चारपाई पर पड़ा मिला। पुलिस ने छानबीन शुरू की तो पता चला कि काजल परिवार के ही एक युवक से अक्सर बात करती थी। पहले तो परिजन ज्यादा कुछ बताने से इंकार करते रहे, लेकिन बाद में यह बात सामने आई कि दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। यह बात भी सामने आई कि युवक ने काजल को मोबाइल भी दिया था, लेकिन दोनों के संबंधों की भनक लगने पर परिजनों ने मोबाइल तोड़ दिया था। इसके बावजूद वह उसके संपर्क में बनी रही। जिसे लेकर परिजन उससे नाराज थे। जांच के दौरान ही घर के भीतर खून के छींटे लगी जैकेट भी मिली। पूछताछ में परिजनों ने बताया कि यह संतलाल की है। पुलिस अफसरों का कहना है कि तमाम बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच पड़ताल की जा रही है।
पोस्टमार्टम में सिर में फंसी मिली गोली
घटनास्थल पर मुआयना करने के बाद पुलिस अफसर धारदार हथियार से हत्या की आशंका जता रहे थे, लेकिन पोस्टमार्टम में साफ हो गया कि गोली मारकर उसे मौत के घाट उतारा गया। उसके सिर में गोली फंसी मिली। पोस्टमार्टम के बाद दोपहर में शव परिजनों को सौंप दिया गया। बड़ा सवाल यह है कि जिस कमरे में युवती मृत पड़ी मिली, उसके बगल में ही परिजन सो रहे थे। तो आखिर गोली चलने की आवाज कैसे उन्हें सुनाई नहीं दी।