बीमारी से मां की मौत के सदमे से बेटे की भी जान चली गई। सिरसा कस्बे के मूल निवासी मोहित केशरी (27) मां निर्मला देवी (70) और भाइयों के साथ यहां रामनगर में किराये का कमरा लेकर रहता था। रामनगर कस्बे में ही मोहित जूता-चप्पल की दुकान चलाता था। इधर, कई दिनों से मोहित की मां निर्मला देवी की तबीयत खराब थी। उसे शहर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान रविवार शाम को उसकी मौत हो गई।
सोमवार सुबह शव के अंतिम संस्कार की तैयारी की गई थी। बेटा मोहित केशरी मां की मौत से सदमें में आ गया था। रात में वह सोया फिर सुबह उठा ही नहीं। ऐसे में मां की मौत के बाद बेटे की हुई मौत से घर में कोहराम मच गया। मोहित पांच भाइयों में चौथे नंबर का था। सिरसा गंगा घाट पर मां और बेटे की लाश का अंतिम संस्कार किया गया। मौके पर पहुंचे रामनगर प्रधान प्रतिनिधि नीरज सिंह यादव ने परिजनों को ढांढस बंधाया।