मीरगंज/शीशगढ़। शीशगढ़ मेले का आयोजन सोमवार से शुरू होगा और 17 दिन तक चलेगा। इसका संचालन 17 सदस्यीय कमेटी करेगी। रविवार को एसडीएम मीरगंज राजीव शुक्ला ने मेलास्थल पर संचालन कमेटी के साथ बैठक की और जरूरी निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मेले में रामलीला के मंच पर अश्लील नृत्य या आपत्तिजनक कार्यक्रम न कराए जाएं। सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए नगर पंचायत के सफाई नायक को निर्देशित किया। दुकानदारों को पॉलिथीन व प्लास्टिक के गिलास, कटोरी आदि का इस्तेमाल करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
मेला कमेटी ने बिना प्रशासनिक अनुमति के दुकानों का ठेका कर दिया। तहसीलदार प्रज्ञा सिंह ने दंगल, तहबाजारी आदि का ठेका खुली बोली लगवाकर कराने और राशि बैंक खाते में जमा कराने को कहा। मेला कमेटी पिछले वर्ष के मेले में एकत्रित हुई धनराशि का लेखा-जोखा नहीं दे सकी। इस पर तहसीलदार ने नाराजगी जताई।
सुरक्षा को लेकर प्रभारी निरीक्षक शीशगढ़ रविंद्र कुमार को निर्देश दिए। कहा, मेला स्थल पर पुलिस चौकी स्थापित कर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी तय की जाए। बैठक में रामौतार मौर्य, प्रमोद देवल रामौतार गंगवार, शनि गंगवार आदि पदाधिकारी मौजूद थे।
सूदनपुर में रामलीला आज से, मंचन का पूर्वाभ्यास किया
अलीगंज। गांव सूदनपुर के शिव मंदिर प्रांगण में सोमवार से 11 दिवसीय रामलीला का आयोजन किया जाएगा। रामलीला के पात्रों का अभिनय गांव के ही लोग करेंगे। रामलीला कमेटी के अध्यक्ष पूरनलाल मौर्य ने बताया कि सोमवार से मंचन शुरू किया जाएगा। रविवार को पात्रों ने शिव मंदिर पर पूर्वाभ्यास किया गया।
नवाबगंज में आज निकाली जाएगी रामबरात
नवाबगंज। रामलीला मेले में सोमवार को श्रीराम बरात डाकखाने के पास से शाम छह बजे निकाली जाएगी। रामलीला कमेटी के अध्यक्ष रविंद पाल सिंह गंगवार ने बताया कि राम बरात में देवी-देवताओ की मनमोहक झांकियां शामिल रहेंगी। इसमें तहसील क्षेत्र के 21 वर-वधुओं का विवाह कराया जाएगा। उन्होंने अपील की है कि रामबरात में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाएं। संवाद
-
प्रत्यंचा चढ़ाते ही टूट गया शिव धनुष
नवाबगंज। पनघैली नदी के किनारे चल रहे राम लीला मेले में राम-लक्ष्मण और परशुराम संवाद लीला का मंचन किया गया। सीता के स्वयंवर में रखे शिवजी के धनुष पर जैसे ही श्रीराम ने प्रत्यंचा चढ़ाने का प्रयास किया तो टूट गया है। धनुष टूटने की जानकारी मिलते ही भगवान परशुराम पहुंचते हैं। इसी बीच लक्ष्मण-परशुराम के बीच तीखा संवाद होता है। श्रीराम ने परशुराम का गुस्सा शांत करते हैं। संवाद