स्वास्थ्य विभाग के पोर्टल पर सात और मौतें बढ़ीं, नए संक्रमित भी सात
बरेली/शाही। कोरोना से मौतों का सिलसिला थम नहीं रहा है। मंगलवार को शाही नगर पंचायत अध्यक्ष रुखसाना तारिक का भी निधन हो गया। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग के पोर्टल पर सात और मौतें अपडेट हुई हैं। नए मिले संक्रमितों की संख्या भी सात है।
शाही नगर पंचायत की अध्यक्ष रुखसाना तारिक दो महीने पहले संक्रमित हुई थीं। पहले उनका इलाज बरेली में ही चला लेकिन हालत में सुधार न होने पर उन्हें दिल्ली ले जाया गया। इस बीच फेफड़ों में संक्रमण काफी बढ़ चुका था। मंगलवार सुबह करीब सात बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। परिवार वालों के मुताबिक करीब 15 दिन पहले उनकी कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आ गई थी, लेकिन फेफड़ों को काफी नुकसान हो चुका था। मंगलवार दोपहर करीब दो बजे उनका शव शाही पहुंचा तो अंतिम दर्शन के लिए उनके घर पर भीड़ उमड़ पड़ी। देर शाम कस्बे के ही कब्रिस्तान में उन्हें सुपुर्दे खाक कर दिया गया।
उधर, स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी डेली मॉनीटरिंग रिपोर्ट में सोमवार को मौतों का आंकड़ा 367 था जो मंगलवार को 374 पर पहुंच गया। दो दिन पहले एक ही दिन में 17 मौतें पोर्टल पर अपडेट हुई थी। लगातार मौतों को दूसरे जिले और राज्यों को बताने को लेकर भी अब सवाल उठ रहे हैं। दरअसल इन मौतों को फौरन अपडेट कराने की जिम्मेदारी जिला सर्विलांस अधिकारी की थी लेकिन अब उनका कहना है कि कोरोना की दूसरी लहर में संक्रमित हुए तमाम लोग हायर सेंटर चले गए। जिले के भी कुछ पेड कोविड अस्पतालों ने मौतों को अपडेट नहीं दिया। ये अस्पताल अब डेथ ऑडिट के बाद पोर्टल पर मौतों को अपडेट कर रहे हैं। इसी वजह से पोर्टल पर मौतों का आंकड़ा बढ़ा है।