Shahganj shook with midnight bombing
पुरानी रंजिश को लेकर घर पर चढ़कर बमबाजी, सनसनी
शाहगंज में लीडर रोड के पास हुई घटना, आरोपी फरार
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। शाहगंज का लीडर रोड इलाके में रविवार आधी रात बमबाजी से सनसनी फैल गई। यहां कुछ दिन पहले हुए विवाद को लेकर मो. कैफ के घर पर बम फेंके गए। एक के बाद एक दो धमाकों से दहशत फैल गई। सूचना पर पुलिस पहुंची लेकिन हमलावर भाग चुका था। देर रात तक पुलिस जांच पड़ताल में जुटी रही।
कैफ शाहगंज में लीडर रोड स्थित मिलन होटल के पीछे की ओर रहता है। रोज की तरह रविवार रात 12.30 बजे के करीब भी परिवार के लोग सो रहे थे। इसी दौरान अचानक उसके घर पर एक के बाद एक दो बम फेंके गए। जोरदार धमाकों से परिवार के लोगों के साथ ही मोहल्ले में भी दहशत फैल गई। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। जांच पड़ताल में दीवार पर बम का निशान मिला जबकि मौके से एक बम भी बरामद हुआ। कैफ के परिवारवालों ने आरोप लगाया कि बम मोहल्ले में ही रहने वाले आशिक ने चलाए। बताया कि कुछ दिन पहले दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद की रंजिश में यह वारदात की गई। पुलिस ने आरोपी के घरवालों से पूछताछ की लेकिन वह उसके बारे में कुछ बता नहीं सके। पुलिस का कहना है कि आरोपी मनबढ़ है। उसका अक्सर दबंगई करता रहता है। उसकी तलाश की जा रही है।