- नमी का स्तर उच्चत्तम रहा, उमस भरी गर्मी से मिली कुछ राहत
- रात से दोपहर तक कई बार हुई बूंदाबांदी, रात में कहीं-कहीं झमाझम
प्रयागराज। पुरवइया हवाओं का जोर बंगाली की खाड़ी से आ रही मानसूनी का साथ मानसून की अच्छी बारिश कराने का कारण बनेगा। मंगलवार को दिन भर बदरी छाई रही। कई बार रुक-रुक कर पड़ी बौछारों ने लोगों को भिगोया। धूप-छांव के बीच बदले मौसम से तापमान लुढ़क गया। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है।
निम्न वायु दाब की सक्रियता को हवाओं के बदले रुख ने मानसून की सक्रियता को बल दिया। सोमवार की रात हुई बारिश के बाद मंगलवार को दिन में कई बार रिमझिम तो कहीं तेज फुहारें पड़ीं। मौसम विभाग के मुताबिक मापक ने मामूली बारिश दर्ज की है, लेकिन संभावनाएं ठीक ठाक बारिश की हैं।
मंगलवार को अधिकतम तापमान 24 घंटे में ही 36.4 डिग्री से लुढ़ककर 33.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। वहीं न्यूनतम तापमान 29.1 डिग्री से गोता लगाकर 27 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। इस बीच वातावरण में नमी का स्तर उच्चतम रहा। आर्द्रता अधिकतम छलांग लगाकर 100 फीसदी पर पहुंची तो न्यूनतम 70 पर आ टिकी।
मौसम विज्ञानी प्रो. एचएन मिश्रा के मुताबिक मानसून की दस्तक हो चुकी है। अभी एक सप्ताह नरम गरम मौसम में धूप छांव की स्थिति रहेगी। बादल छाए रहेंगे और बरसेंगे भी, लेकिन कहीं बूंदाबांदी और कहीं तेज बौछारों के साथ तेज बारिश के भी आसार हैं। उन्होंने बताया कि अधिकतम और न्यूनतम तापमान में अंतर का कम होना और आर्द्रता का उच्चतम स्तर पर जाना बरसाती हवाओं में जोर भरेगा।