सेमरी गांव स्थित मुसहर बस्ती में बृहस्पतिवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से गरीबों की झोपड़ी जल गई। मुसहर बस्ती निवासी बाबूलाल की झोपड़ी में रात्रि लगभग एक बजे अचानक आग लग गई। देर रात होने के कारण अधिकांश लोग सो रहे थे, जिससे आग की लपटें तेजी से फैल गईं।
ग्रामीणों ने शोर मचाकर एक-दूसरे को जगाया और किसी तरह आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक कई परिवारों का सारा सामान जलकर राख हो चुका था। पीड़ितों का कहना है कि वे पहले से ही गरीबी और अभाव में जीवन यापन कर रहे थे, ऊपर से इस आग ने उन्हें पूरी तरह बेघर कर दिया है। पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस का कहना है कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत सामग्री, भोजन, कपड़े और अस्थायी आवास उपलब्ध कराया जाए।