इलाहाबाद विश्वविद्यालय के श्यामा प्रसाद मुखर्जी डिग्री कालेज में दो रोज बाद शनिवार को एक बार फिर से बड़ा अजगर निकलने से हड़कंप मच गया। फाफामऊ स्थित कालेज में जब कर्मचारियों ने अजगर को देखा तो वे इधर उधर भागने लगे। इस बीच तमाम तमाशबीन लोग मौके पर पहुंच गए। जानकारी मिलने पर वन्य जीव निरीक्षक वीके मिश्रा उर्फ टारजन मौके पर पहुंच गए। काफी मशक्कत के बाद उन्होंने अजगर को पकड़ा। वहां से उसे पकड़कर यमुनापार के जंगल में जाकर छोड़ दिया गया। इस सप्ताह श्यामा प्रसाद मुखर्जी में एक के बाद एक अब तक कुल तीन अजगर निकल चुके हैं।
बुधवार छह दिसंबर को यहां 40 किलो वजन का 12 फीट लंबा अजगर पकड़ा गया था। इसके दूसरे दिन बृहस्पतिवार सात दिसंबर को 25 किलोग्राम का सात फीट लंबा अजगर वहां से पकड़ा गया। अब इसी क्रम में शनिवार की शाम एक और अजगर निकलने से वहां दहशत का माहौल हो गया। सूचना मिलने पर डीएफओ के निर्देश पर मौके पर पहुंचे वन्य जीव निरीक्षक ने किसी तरह से अजगर को काबू में किया। फिलहाल आज जो अजगर पकड़ा गया उसकी लंबाई तकरीबन साढ़े सात फीट की रही, जबकि उसका वजन 30 किग्रा रहा। वन्य जीव निरीक्षक टारजन ने बताया कि आज अजगर को पकड़े जाने के दौरान खासी मशक्कत करनी पड़ी। उन्होंने बताया कि कालेज के पीछे गंगा का कछार है। संभावना है कि वहां कछार में अजगरों के बिल है। जो वहां से रेंगते हुए यहां पहुंच जा रहे हैं।