राज्य विवि में स्कालर इन रेजिडेंस प्रोग्राम को हरी झंडी
0 कार्य परिषद की बैठक में स्नातक, परास्नातक स्तर के सभी विषयों के नवीन पाठ्यक्रम को भी अनुमति
0 परास्नातक पाठ्यक्रम में सेमेस्टर प्रणाली लागू करने के तैयार अध्यादेश, शोध अध्यादेश भी स्वीकृत
इलाहाबाद। इलाहाबाद राज्य विश्वविद्यालय कार्यपरिषद की शनिवार को हुई बैठक में स्कालर इन रेजिडेंस प्रोग्राम को शनिवार को हरी झंडी मिल गई। इसके अंतर्गत विश्वविद्यालय राष्ट्रीय सुरक्षा, कंप्यूटर विज्ञान, कौशल विकास, योगा अध्ययन, स्वास्थ्य विज्ञान, पर्यटन, चिकित्सा,, पर्यटन प्रबंध विज्ञान, मीडिया अध्ययन, परफॉर्मिंग आर्ट, कनवर्जिग टेक्नोलॉजी, डेटा साइंस, फूड टेक्नोलॉजी, हास्पिटेलिटी मैनेजमेंट, मानविकी एवं समाजिकीय आदि अधुनातन ज्ञान-विज्ञान के क्षेत्र में विशेष विशेषज्ञों को आमंत्रित करेगा।
बैठक में विवि में स्कालर इन रेजिडेंस प्रोग्राम के तहत ज्ञान-विज्ञान के विविध क्षेत्रों में हो रहे परिवर्तन और देशहित को संरक्षित एवं संवर्धित करने की आवश्यकता को पूरा करने के लिए अपेक्षित बौद्धिक जनशक्ति तैयार करने के लिए प्रो.पीसी त्रिवेदी की अध्यक्षता में गठित चार सदस्यीय समिति की संस्तुतियों को स्वीकार कर लिया गया। इस प्रोग्राम के तहत संबंधित विषय के विशेषज्ञों को तीन माह विवि में व्यतीत करने के लिए आमंत्रित किया जाएगा, जो विवि एवं संबद्ध महाविद्यालयों के शिक्षकों को शिक्षित-प्रशिक्षित करने के लिए सेमिनार एवं वार्ता में भाग लेंगे। विवि की परिनियमावली निर्माण के लिए प्रो.ओम प्रकाश, प्रो.आरएस यादव, प्रो.जेएन मिश्र, प्रो.गौतम सेन, बीबी सिंह, जगन्नाथ पाल, अखिलेश पाल एवं कुलसचिव के नेतृत्व में समिति गठित की गई थी।
कुलपति प्रो.राजेंद्र प्रसाद की अध्यक्षता में हुई बैठक में वित्त समिति, परीक्षा समिति, संबद्धता समिति तथा विवि की विद्या परिषद की बैठक में तय स्नातक, परास्नातक स्तर के सभी विषयों के नवीन पाठ्यक्रम, परास्नातक पाठ्यक्रम में सेमेस्टर प्रणाली लागू करने के तैयार अध्यादेश, शोध अध्यादेश तथा प्रवेश समिति की बैठक, वार्षिक खाते एवं तुलनापत्र का कार्य परिषद ने अनुमोदन किया। इसके साथ विभिन्न स्तर पर विवि-सशस्त्र बलों के संवादमूलक कार्यक्रम का अध्ययन, सलाह और क्रियान्वित किए जाने के लिए कार्य परिषद ने प्रो.गौतम सेन की अध्यक्षता में उपसमिति गठित की।