कोरोना वायरस के डर से क्षेत्र के शुआट्स कालेज में पढ़ने वाले सात भूटानी छात्रों को उनके देश की सरकार ने वापस बुला लिया है। गौरतलब है कि इस महामारी से भारत देश भी अछूता नहीं है। यहां भी प्रतिदिन कोरोना पाजिटिव लोगों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।
क्षेत्र के शुआट्स विश्वविद्यालय में विभिन्न देशों नेपाल, भूटान, बांग्लादेश, आस्ट्रेलिया आदि देशों के करीब 350 लडक़े पढ़ रहे हैं। इनमें सात लडक़े भूटान के हैं। ये सातों बच्चे जनवरी से मार्च के बीच में अपने देश भूटान से यहां आए थे। इसकी जानकारी होने पर भूटान एंबेसी ने अपने यहां भारत एंबेसी से बात करके अपने सभी सात छात्रों को वापस भेजने की अपील की। उस अपील के बाद एग्रीकल्चर इंस्टीट्यूट में रहने वाले सात भूटानी छात्रों जिग्मे रंगड्रेल, फुटसो वांगडी, सोनम तेसरिंग, सोनम थिनले, तडीन जामत्सो, दावा पेंजूर एवं सोनम ग्याल्टेसीन को बुधवार को शुआट्स नैनी से दिल्ली भेज दिया गया। वहां उन्हें भूटान एंबेसी में रखा जाएगा। वहां से उन्हें गुरूवार को उनके देश भेजा जाएगा। शुआट्स के जनसंपर्क अधिकारी डा. रमाकांत दुबे ने बताया कि सभी भूटानी छात्रों को यहां से भेज दिया गया है। यहां पर 350 विदेशी छात्र रुके हुए हैं।
बिना सर्जन के ही क्लीनिक में कर रहे थे ऑपरेशन, मुकदमा
क्षेत्र के धनुआ बसवार रोड पर स्थित अक्षर क्लीनिक के खिलाफ धोखाधड़ी एवं मेडिकल काउंसिल एक्ट 1956 की धारा 15(3) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की जांच एसडीएम करछना आकांक्षा राना ने की।
प्रयागराज के अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. तीरथ लाल की ओर से नैनी कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उक्त संस्थान में बबिता सिंह की ओर से एक मरीज को इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। वहां आपरेशन भी किया जाता है जबकि वहां पर न तो कोई सर्जन है न कोई संबद्ध ही है। शिकायत मिलने पर जांच की गई जांच में सच्चाई सामने आने के बाद डा. तीरथलाल ने थाने में तहरीर देकर उक्त अक्षर क्लीनिक के संचालक के खिलाफ धारा 419, 420, 467, 468, 451 आईपीसी व मेडिकल काउंसिल एक्ट 1956 की धारा 15(3) के तहत एफआईआर दर्ज करने की गुजारिश की गई है।
भाजपा नेता ने बांटी राहत सामग्री
करछना विधानसभा के डीहा गांव में सैकड़ों परिवार को राहत सामग्री बांटी गई। इस दौरान भाजपा नेता पीयूष रंजन निषाद ने लोगों से घरों में रहने की अपील की। कहा कि जरूरतमंदाें तक सभी चीजें पहुंचाई जाएंगी। वहीं मुंगारी ग्राम सभा में विश्वकर्मा परिवार में आग लग जाने से भारी क्षति हुई। मामले में भाजपा नेता पीयूष रंजन निषाद ने जिलाधिकारी एवं उपजिलाधिकारी करछना से वार्ता करके गरीब परिवार को मदद का आश्वासन दिया।