उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड की टीजीटी, पीजीटी परीक्षा 2021 का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। चयन बोर्ड ने इसकी तिथि जारी कर दी है। प्रदेश के सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के लिए प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) की परीक्षा सात एवं आठ अगस्त को जबकि प्रवक्ता (पीजीटी) परीक्षा 17 एवं 18 अगस्त को होगी। इससे पहले चयन बोर्ड की 15 जून को हुई बैठक में टीजीटी एवं प्रवक्ता परीक्षा अगस्त में कराने का फैसला किया गया था।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड ने 2016 में विज्ञापित टीजीटी जीव विज्ञान की परीक्षा 31 जुलाई को कराने का निर्णय लिया है। चयन बोर्ड के उप सचिव नवल किशोर की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि 2016 में विज्ञापित टीजीटी के पदों को पूर्व में यूपी बोर्ड की सिफारिश के बाद निरस्त कर दिया गया था। इस संबंध में राजबहादुर एवं अन्य की याचिका पर हाईकोर्ट के 13 जनवरी 2020 के आदेश के बाद चयन बोर्ड ने विज्ञापित टीजीटी जीव विज्ञान के विज्ञापन को मान्य करते हुए परीक्षा कराने का निश्चय किया है। टीजीटी जीव विज्ञान का विज्ञापन निरस्त करने के बाद अभ्यर्थियों ने पूरे प्रदेश में आंदोलन किया था। ब्यूरो