प्रयागराज। इंटरनेट सेवा बहाल होने के बाद सर्वर में गड़बड़ी ने शिक्षकों को परेशान करना शुरू कर दिया है। परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों के अंतर्जनपदीय स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरू होने के तीसरे दिन भी शिक्षक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन नहीं कर सके। वेबसाइट पर सिर्फ शासनादेश ही खुला, जबकि अन्य कोई भी लिंक नहीं खुलने से आवेदन प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी।
अंतर्जनपदीय तबादले के लिए परिषद की ओर से ऑनलाइन आवेदन के लिए शिक्षकों को 20 दिसंबर से 20 जनवरी 2020 तक समय दिया गया है। इसके बाद 31 मार्च 2020 तक स्थानांतरण प्रक्रिया पूरी करके शिक्षकों को तैनाती दी जानी है। सोमवार को दोपहर बाद बहाल की गई इंटरनेट सेवा के बावजूद बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से जारी वेबसाइट पर पंजीकरण फार्म नहीं खुल सका। शिक्षकों की शिकायत रही कि वे आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। बेसिक शिक्षा परिषद के उप सचिव अनिल कुमार का कहना है कि एनआईसी की ओर से वेबसाइट की गड़बड़ी दूर करने की कोशिश चल रही है। परिषद के अधिकारी मंगलवार को एनआईसी से बातचीत करके ऑनलाइन आवेदन की समस्या दूर करेंगे।
परिषदीय विद्यालयों के शिक्षक दो वर्ष से अंतर्जनपदीय स्थानांतरण का इंतजार कर रहे हैं। नई व्यवस्था में पुरुष अभ्यर्थियों को तीन एवं महिला शिक्षकों को एक वर्ष की सेवा अवधि पर तबादले के लिए आवेदन का अवसर दिया गया है। विभाग की ओर से शिक्षकों को पूरी सेवा अवधि में एक बार ही अंतर्जनपदीय स्थानांतरण की सुविधा मिलेगी। सरकार ने अंतर्जनपदीय स्थानांतरण के बाद ग्रामीण क्षेत्र से शहरी क्षेत्र में तबादले की बात कही है।