कोरोना काल में मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों को विशेष ट्रेन का जो दर्जा दिया गया था वह 15 नवंबर से हट जाएगा। यानी की 15 नवंबर से वर्तमान मेें जो ट्रेनें स्पेशल के रूप में चल रही हैं वह डेढ़ वर्ष की अवधि के बाद पहले की तरह नियमित ट्रेनों के रूप में चलेंगी। हालांकि, रेलवे ने अभी वरिष्ठ नागरिकों एवं अन्य कोटे के तहत किराये में दी जाने वाली रियायत को लेकर अभी कोई आदेश नहीं दिया है। यानी कि ट्रेनें भले ही नियमित हो जाएं, लेकिन पूर्व की भांति उसमें दी जाने वाली रियायत यात्रियों को अभी नहीं मिलेगी।
रेलवे बोर्ड द्वारा शुक्रवार को सभी जोनल रेलवे को पत्र लिखकर कहा गया था कि नियमित सुपरफास्ट, मेल एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनें कोविड पूर्व समयसारिणी के हिसाब से चलेंगी। उनके पुराने नंबर भी बहाल होंगे। यात्रियों से कोविड पूर्व काल में अलग-अलग श्रेणियों के लिए निर्धारित दर के हिसाब से किराया लिया जाएगा। फिलहाल यह आदेश 15 नवंबर से प्रभावी हो जाएगा। इस व्यवस्था के तहत प्रयागराज एक्सप्रेस जिसका वर्तमान में 02417 नंबर है वह 15 नवंबर से 12417 हो जाएगा। उत्तर मध्य रेलवे जोन की बात करें तो यहां से संचालित सभी 78 ट्रेनों का नंबर 15 नवंबर से बदल जाएगा।