इंडोशिया से आए एक नागरिक के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद हड़कंप मच गया है। करेली में अब्दुल्ला मस्जिद तथा महबूबा गेस्ट हाउस के आसपास का इलाका सीज कर दिया गया है। गेस्ट हाउस के 500 मीटर की परिधि में रहने वाले सभी लोगों का चिकित्सीय परीक्षण कराया जाएगा। यदि किसी में कोरोना के लक्षण पाए गए तो उन्हें भी क्वारंटीन किया जाएगा।
दिल्ली में हुए मरकज में शामिल सात इंडोनेशियाई नागरिक यहां शाहगंज थाना के अंतर्गत अब्दुल्ला मस्जिद के पास स्थित मुसाफिर खाना में पकड़े गए थे। इनके साथ पश्चिम बंगाल और केरल के भी एक-एक नागरिक पकड़े गए थे, जो मरकज में शामिल हुए थे। इनके साथ ही पकड़े गए 28 अन्य लोगों को करेली के मेहबूबा गेस्ट हाउस में क्वारंटीन कराया गया है।
संक्रमण के खतरा को देखते हुए आसपास का इलाका पहले से सीज था। इनमें से एक इंडोनेशियाई नागरिक की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव होने के बाद सख्ती और बढ़ा दी गई है। डीएम भानु चंद्र गोस्वामी ने प्रशासनिक और चिकित्सीय अफसरों की आपात बैठक बुलाई और संक्रमण से बचाव के लिए सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में गेस्ट हाउस के 500 मीटर की परिधि में पूरा इलाका सीज कर दिया गया है। अब इस इलाके के किसी को बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी। इस क्षेत्र में रहने वाले हर व्यक्ति की चिकित्सीय जांच कराई जाएगी। डीएम भानु चंद्र गोस्वामी ने बताया कि संक्रमण फैलने न पाए इसलिए दो से तीन दिनों में ही सभी की जांच करा ली जाएगी। इसके लिए डॉक्टरों की अतिरिक्त टीम लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि मेहबूबा गेस्ट और अब्दुल्ला गेस्ट के आसपास का इलाका सैनिटाइज कराया जाएगा।
कमला भवन होगा सैनिटाइज
मुसाफिर खाना से पकड़े सभी 37 संदिग्धों को पहले जार्जटाउन स्थित कमला भवन में क्वारंटीन किया गया था। स्थानीय लोगों के विरोध के बाद उन्हें करेली के मेहबूबा गेस्ट हाउस में रखा गया। इसे ध्यान में रखते हुए कमला गेस्ट हाउस को फिर से सैनिटाइज कराया जाएगा। ताकि, संक्रमण फैलने का कोई अंदेशा न रहे।