प्रयागराज के करेली इलाके में रविवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात में जमात पर टिप्पणी को लेकर लोटन निषाद (35) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना बक्सी मोड़ा इलाके की है जहां लोटन दुकान पर खड़े होकर कुछ युवकों के साथ बात कर रहा था।
बातचीत पहले कोरोना से शुरू हुई और फिर जमात तक पहुंच गई। इसी दौरान वहां खड़े दूसरे समुदाय के मोहम्मद सोना व उसके साथी लोटन से विवाद करने लगे। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और विवाद शांत कराया।
लेकिन कुछ देर बाद सोना अपने साथियों संग वापस आया और लोटन के सिर में असलहा सटाकर गोली मार दी। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने भाग रहे हमलावरों में से एक मोहम्मद सोना को पकड़ लिया।
मामला दो समुदायों से जुड़ा होने की वजह से इलाके में तनाव फैल गया। सूचना पर एसएसपी कई थानों की फोर्स लेकर मौके पर पहुंच गए और हत्यारोपी को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया है। पुलिस अफसरों का कहना है कि एक युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मृतक के परिजनों की ओर से अभी तहरीर नहीं मिली है। हत्या में कुछ और लोगों के शामिल होने की जानकारी मिली है और उनकी तलाश की जा रही है। उधर लॉकडाउन के दौरान हुई इस वारदात ने पुलिस अफसरों के दावों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल खबर लिखे जाने तक अफसर मौके पर जांच पड़ताल में जुटे थे।