इलाहाबाद। इविवि छात्रसंघ चुनाव के एक प्रत्याशी के लिए कटरा में कचहरी रोड की दुकानों से चंदा मांग रहे युवकों की व्यापारियों से झड़प के बाद मारपीट हो गई। दुकानदारों के साथ ही पड़ोस के लॉज में रहने वाले छात्रों ने भी युवकों को घेर लिया। आरोप है कि चंदा मांगने वाले युवकों ने मारपीट के साथ ही लूटपाट भी की। घिरने पर वे तोड़फोड़ करते भाग गए। खबर पाकर वहां कई थानों की पुलिस फोर्स पहुंची। पीएसी भी तैनात कर दी गई।
बुधवार रात करीब नौ बजे की घटना है। करीब एक दर्जन युवक इविवि छात्रसंघ चुनाव के एक उम्मीदवार के लिए नेतराम चौराहा के आगे कचहरी रोड की दुकानों पर चंदा मांगने पहुंचे। वे शराब की दुकान समेत आसपास की दुकानों में जबरन पैसे मांगने लगे तो व्यापारियों ने विरोध किया। इस पर उनके बीच तीखी झड़प के बाद मारपीट होने लगी। निकट स्थित एक लॉज से भी तमाम छात्र आ गए। उन्होंने भी युवकों पर हमला बोला। चौतरफा घिरने पर ये युवक कई दुकानों से पैसे लूटकर भागने लगे। उन्हें ईंट-पत्थर फेंककर खदेड़ा गया। कुछ देर में कर्नलगंज समेत तीन थानों की फोर्स आ गई। तब तक चंदा मांगने वाले लड़के भाग गए थे। व्यापारियों में गुस्से को देखते हुए वहां पुलिस बल के साथ ही पीएसी को भी मुस्तैद किया गया।