द्रेशद्रोह के आरोप में जेल में बंद वलीउल्लाह व उसके तीन और साथियों के मामले में बुधवार को जिला न्यायालय में सुनवाई हुई। मामले में आरोपियों की ओर से कोई गवाह पेश न हो सकने की वजह से अदालत ने मामले की सुनवाई के लिए 18 अप्रैल की तिथि तय की है। यह आदेश सत्र न्यायाधीश निशा झा ने दिया है।
मामले में आरोपियों की ओर से गवाही चल रही है। आरोपियों की ओर से कुल छह लोगों की गवाही होनी है। आरोपी अभी तक एक गवाह पेश कर सका है। बुधवार को कलीमउल्ला की गवाही होनी थी, जो कि आरोपी उबैदउल्लाह का पुत्र है। वह अदालत केसमक्ष उपस्थित नहीं हो सका। इस पर अदालत ने मामले की सुनवाई के लिए आगे की तिथि तय कर दी। उधर, अभियोजन पक्ष शासकीय अधिवक्ता फौजदारी गुलाब चंद्र अग्रहरि की ओर से 22 गवाहों की गवाही कराई जा चुकी है।
आरोपी की जमानत अर्जी पर सुनवाई 18 को
लखनऊ में हुए कमलेश तिवारी हत्याकांड के आरोपी आसिम अली की जमानत अर्जी पर बुधवार को सुनवाई नहीं हो सकी। जिला अदालत ने सुनवाई केलिए 18 अप्रैल की तिथि तय की है।
जिला अधिवक्ता संघ चुनाव
जिला अधिवक्ता संघ की नई कार्यकारिणी के चुनाव में हिस्सा लेने के लिए नामांकन प्रक्रिया केदूसरे दिन कुल 45 अधिवक्ताओं ने नामांकन पत्र दाखिल किए। चुनाव अधिकारी लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ने कहा कि बुधवार को अध्यक्ष पद केलिए तीन, उपाध्यक्ष केलिए 11, मंत्री के लिए छह, संयुक्त मंत्री के लिए चार, कोषाध्यक्ष के लिए तीन, लाइब्रेरियन के लिए चार, ऑडिटर के लिए छह, कार्यकारिणी केलिए आठ अधिवक्ताओं ने पर्चा दाखिल किया है।