परीक्षा में अधिक अंक दिलाने का झांसा देकर छात्राओं का यौन शोषण करने के आरोपी दूसरे शिक्षक को भी पुलिस ने दबोच लिया। शिक्षक के मोबाइल से तस्वीरें वायरल करने व छात्राओं को ब्लैकमेल करने में शिक्षक के तीन करीबी भी पुलिस के हाथ लगे हैं। पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है।
फतनपुर थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग प्राइवेट स्कूलों व कोचिंग सेंटर में पढ़ाने वाले दो शिक्षकों की गंदी करतूत शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने आरोपी शिक्षक सुरेंद्र मौर्य को हिरासत में ले लिया था। शनिवार को आरोपी शिक्षक सुरेंद्र मौर्य व अनिल चौरसिया के खिलाफ पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। शनिवार की रात पुलिस ने फरार आरोपी शिक्षक अनिल चौरसिया को भी दबोच लिया।
उससे पूछताछ के बाद पुलिस ने स्कूल संचालक के परिवार के एक सदस्य के अलावा अनिल के दो करीबियों को उठा लिया। तीनों के ऊपर आरोप है कि शिक्षक व छात्राओं की अश्लील तस्वीरों को अपने मोबाइल में अपलोड करने के बाद छात्राओं को फोन कर ब्लैकमेल कर रहे थे। बात न मानने पर तीनों आरोपियों ने तस्वीरों को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। सीओ रानीगंज डा. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही पूरे प्रकरण का खुलासा होगा।