आपराधिक किस्म के लोगों के बारे में जानकारी जुटाने गई चीता मोबाइल टीम से गालीगलौज व हाथापाई करते हुए दोबारा आने पर गोली मारने की धमकी दी गई। पुलिस टीम पर हमले की सूचना पर कोतवाली पुलिस गांव पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर भाग निकले। सिपाही की तहरीर पर चार आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
लालगंज कोतवाली में चीता मोबाइल पर तैनात आरक्षी धर्मेंद्र कुमार वीट सहयोगी सिपाही सुधीर कुमार के साथ शनिवार की रात अमावां गोसांई के पुरवा में आपराधिक किस्म के लोगों के बारे में जानकारी जुटाने गए थे। चीता मोबाइल टीम के आरक्षी धर्मेंद्र व सुधीर हिस्ट्रीशीटर पंकज वर्मा के बारे में पूछताछ करने उसके घर पहुंच गए। इस बीच पंकज के भाई विकास वर्मा अचानक आपा खो बैठा और पुलिस कर्मियों से उलझ गया।
सिपाहियों ने उसे अर्दब में लेने का प्रयास किया तो विकास ने अपने तीन साथियों को बुलाकर सिपाहियों से हाथापाई करने लगा। विकास ने ऐलानिया धमकी देते हुए कहा कि दोबारा उसके भाई के बारे में पूछताछ करने दिखाई दिए तो गोली मार दूंगा। सिपाहियों के साथ गाली गलौज भी की गई। घटना की जानकारी कोतवाली से पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर भाग निकले। मामले में आरक्षी धर्मेंद्र की तहरीर पर विकास समेत चार के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, गाली गलौज व हाथापाई के आरोप में केस दर्ज किया गया है। कोतवाल ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस से अभद्रता करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।