डॉ. मोहन भागवत
- फोटो : अमर उजाला
संघ प्रमुख मोहन भागवत के प्रयागराज आगमन के पूर्व गंगा समग्र की ओर से लगाई जा रही प्रदर्शनी का उद्घाटन बृहस्पतिवार की शाम को होगा। इसके लिए विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय उपाध्यक्ष एवं श्री राम मंदिर तीर्थ ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय यहां पहुंच रहे हैं। वह शाम छह बजे विहिप के माघ मेला शिविर में आयोजित इस प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। उधर संघ प्रमुख मोहन भागवत के भी प्रयागराज आगमन की आधिकारिक कार्यक्रम संघ की ओर से जारी कर दिया गया है।
संघ के प्रांत प्रचार प्रमुख डा. एमजे त्रिपाठी ने बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डा. मोहन भागवत शुक्रवार की शाम विमान से प्रयागराज पहुंचेंगे। यहां वह शाम सात बजे संगम नोज पर गंगा पूजन करेंगे। संगम तट पर गंगा पूजन कार्यक्रम में संघ विचार परिवार के पदाधिकारी एवं प्रतिष्ठित गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे । यहां पूजन स्थल पर 1500 कुर्सियों की व्यवस्था रहेगी। यहां स्वामी वासुदेवानंद भी शामिल होंगे। इसके पूर्व 18 फरवरी की शाम छह बजे गंगा समग्र एवं नमामि गंगे की प्रदर्शनी का उद्घाटन चंपत राय द्वारा होगा।
विहिप मीडिया प्रभारी अश्वनी मिश्र ने बताया कि इस कार्यक्रम में विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए संघ विचार परिवार के कार्यकर्ताओं को ही लगाया गया है। 20 फरवरी को गंगा समग्र के चयनित कार्यकर्ताओं के कार्यक्रम में चयनित कार्यकर्ता ही उपस्थित रहेंगे। इसमें मुख्य रूप से राष्ट्रीय अध्यक्ष मिथिलेश, केंद्रीय महामंत्री आशीष गौतम, क्षेत्रीय संयोजक चिंतामणि सिंह, प्रांत प्रचारक रमेश, प्रांत संगठन मंत्री विश्व हिंदू परिषद मुकेश कुमार, बृजेंद्र, सनी सिंह, राकेश मिश्रा, अमित पाठक, गौरव जायसवाल आदि शामिल हैं।