रेल भर्ती प्रकोष्ठ (आरआरसी) प्रयागराज के चेयरमैन विवेक प्रकाश का प्रतिनियुक्ति पर उत्तरी दिल्ली नगर निगम में एडिशनल डिप्टी कमिश्नर के पद पर तबादला हुआ है। 11 वर्ष की रेल सेवा के बाद वह पहली बार प्रतिनियुक्ति पर जा रहे हैं। उनके स्थान पर अगले आदेश तक आरआरसी में चेयरमैन का दायित्व एनसीआर के डिप्टी सीपीओ अतुल मिश्र देखेंगे। शुक्रवार को ही विवेक प्रकाश ने आरआरसी चेयरमैन का पदभार छोड़ दिया।
विवेक प्रकाश ने आरआरसी में चेयरमैन का पदभार वर्ष 2016 में ही संभाला था। उनके पदभार ग्रहण करने के बाद ही पहली बार आरआरसी ने ग्रुप डी ऑनलाइन परीक्षा सफलतापूर्वक करवाई। चार वर्ष के कार्यकाल में उन्होंने पांच हजार से ज्यादा ग्रुप डी के रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रकिया करवाई। अभी हाल ही में स्पोर्ट्स कोटे के तहत 21 पदों पर उन्होंने नियुक्ति प्रक्रिया की।
इसके अलावा कल्चरल एवं स्काउट की परीक्षा पूरी करवाने के बाद वह वैरीफिकेशन का कार्य करवा रहे थे। उन्नाव के शुक्लागंज के रहने वाले विवेक प्रकाश की रेलवे में पहली नियुक्ति दक्षिण पूर्व रेलवे आद्रा में हुई। एनसीआर में वह वर्ष 2013 में आए। यहां विभिन्न पदों पर रहते हुए वर्ष 2016 में उन्हें जीएम अवार्ड भी मिला। विवेक ने बताया कि वह प्रतिनियुक्ति पर दिल्ली जा रहे हैं। वहां सोमवार या मंगलवार को नई जिम्मेदारी संभाल लेंगे। विवेक ने एनसीआर जीएम राजीव चौधरी का भी आभार जताया।