रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) द्वारा जारी नॉन टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरी (एनटीपीसी) के रिजल्ट पर अभ्यर्थियों के आपत्ति जताने एवं पीएम मोदी को पत्र लिखने के बाद इसे अब चुनावी मुद्दा बनाने की चेतावनी दी गई है।
एनटीपीसी सीबीटी-वन (कंप्यूटर बेस्ट टेस्ट) के स्क्रीनिंग टेस्ट में 20 गुना अभ्यर्थियों को जोनवाइज क्वालीफाई कराए जाने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने कहा है कि अगर इस संबंध में जल्द ही निर्णय न लिया गया तो सभी अभ्यर्थी सोशल मीडिया में अभियान चलाने के साथ सड़कों पर भी उतरने के लिए बाध्य होंगे।
शनिवार 15 जनवरी को ही आरआरबी द्वारा एनटीपीसी का परिणाम जारी किया गया है। इसके परिणाम पर ही अभ्यर्थियों ने सवाल खड़े किए हैं। युवा मंच के संयोजक राजेश सचान का कहना है कि नोटिफिकेशन के अनुसार सीबीटी-वन में 20 गुना अभ्यर्थियों को क्वालीफाई कराया जाना है, लेकिन एक ही अभ्यर्थी को कई समूहों में क्वालीफाई करा कर उन्हें अलग-अलग अभ्यर्थी माना गया।
इससे अभ्यर्थियों की वास्तविक संख्या 20 गुना के बजाय बमुश्किल 4-5 गुना होने का ही अनुमान है। इस प्रक्रिया में लाखों अभ्यर्थी स्क्रीनिंग टेस्ट से ही बाहर कर दिए गए। इसे लेकर पीएम को पहले पत्र भेजा गया। इसके बाद सोमवार 19 जनवरी को ट्विटर में आरआरबी एनटीपीसी के अभ्यर्थियों द्वारा एक करोड़ से ज्यादा ट्वीट डाले गए। इस संबंध में युवा मंच की ओर से 25 जनवरी को डिजिटल युवा पंचायत बुलाई गई है।