सरायइनायत थाना क्षेत्र के मोहनगंज बाजार में शनिवार की सुबह बदमाशों ने आभूषण की दुकान में दुकान मालिक को बेहोश कर लाखों की लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। तड़के हुई घटना से बाजार में सनसनी फैल गई। सूचना पर इलाकाई पुलिस मौके पर पहुंची और तफ्तीश की। दुकान मालिक को शहर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ जानलेवा हमला करने तथा चोरी का केस दर्ज किया है। देर शाम तक बदमाशों सुराग नहीं लग सका था। घटना से बाजार के दुकानदार भी स्तब्ध थे।
सरायइनायत थाना क्षेत्र के चन्दौहा (रामापुर) गांव निवासी ज्ञान प्रकाश स्वर्णकार की मोहनगंज बाजार में आभूषण व कपड़े की दुकान है। दुकान में तकरीबन एक माह से मरम्मत का कार्य चल रहा है। शनिवार की सुबह तकरीबन साढ़े सात बजे ज्ञान प्रकाश का छोटा भाई सत्य प्रकाश स्वर्णकार दुकान खोल कर सफाई करने आया था। तकरीबन आठ बजे अगल-बगल के लोगों से ज्ञान प्रकाश को फोन पर सूचना मिली कि दुकान के अंदर सत्य प्रकाश बेहोशी की हालत में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही ज्ञान प्रकाश गांव के कुछ परिचितों के साथ दुकान पर पहुंचा।
भाई को दुकान के भीतर अचेत अवस्था में पड़ा देख वह सन्न रह गया। दुकान की तिजोरी भी खुली हुई थी। तिजोरी में रखा तकरीबन 50 हजार रुपये नगदी, 150 ग्राम सोने के आभूषण और तकरीबन 12 किलो चांदी के आभूषण समेत कुल 15 लाख रुपये के सामान गायब थे। ज्ञान प्रकाश ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही छोटे भाई सत्य प्रकाश को उपचार के लिए हनुमानगंज के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां हालत गंभीर होने पर उसे शहर के अस्पताल में भर्ती कराया गया। आभूषण की दुकान में लूट की सूचना मिलने पर इलाकाई पुलिस मौके पर पहुंची और तफ्तीश की।
पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की। पुलिस ने दुकान में लगे सीसी टीवी कैमरा चेक किया तो वह खराब था। पास के दुकान में लगे सीसी टीवी कैमरे को भी चेक किया गया लेकिन उसमें सत्य प्रकाश आता हुआ दिखाई दिया है। इंस्पेक्टर सरायइनायत का कहना है कि तहरीर मिली है रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। घटना कैसे हुई यह सत्य प्रकाश के होश में आने के बाद ही पता चल सकेगा। ज्ञान प्रकाश ने पुलिस को अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट की तहरीर दी है। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ गैर इरादतन जानलेवा हमला करने व चोरी का केस दर्ज किया है।