सोती रही कोतवाली पुलिस, लुटेरे ने कर दिया कोर्ट में सरेंडर
ट्रांसपोर्टर एजेंट की हत्या व लूट के मामले में पुलिस को थी तलाश
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। कोतवाली पुलिस जिस अपराधी की तलाश में रात भर दबिश देती रही उसने कोर्ट में सरेंडर कर दिया। कोतवाली पुलिस की नींद उस समय टूटी जब अपराधी के सरेंडर करने की जानकारी अफसरों को हुई। उसके करीबियों की तलाश में कोतवाली पुलिस ने कचहरी के इर्द गिर्द डेरा डाला, लेकिन कोई हाथ नहीं लगा।
बलिया के रहने वाले ट्रांसपोर्टर के एजेंट मनोज चौरसिया की 8 जून को स्टेशन रोड पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना का खुलासा तीन दिन पहले आईजी मोहित अग्रवाल ने करते हुए चार बदमाशों को जेल भेजा था। घटना का मुख्य आरोपी शेबू पुत्र बब्बू निवासी जैन गली नगर कोतवाली फरार चल रहा था। उसकी तलाश में कोतवाली पुलिस ने रात में कई संभावित स्थानों पर दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिला। रात भर दबिश देने के बाद कोतवाली पुलिस गहरी नींद में सोती रही। उसकी कुंभकर्णी नींद उस समय टूटी, जब पुलिस अफसरों ने फरार शेबू के कोर्ट में सरेंडर करने की खबर कोतवाली पुलिस को दी। आनन-फानन में शहर कोतवाल कई चौकी प्रभारियों के साथ कचहरी पहुंचे। शेबूू के साथियों की तलाश में घेराबंदी भी की, लेकिन कोई नहीं मिला। घटना में शामिल अभिनव पांडेय निवासी पूरे दुर्जन दिलीपपुर फरार चल रहा है। जिसकी तलाश में पुलिस लगी होने का दावा कर रही है।