पिछले दो वर्ष से ज्यादा वक्त से रुकी रोडवेज में संविदा चालकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है। रोडवेज के प्रयागराज रीजन द्वारा अपने सभी आठ डिपो में संविदा पर चालक की भर्ती के लिए आवेदन मांगे गए हैं। इस दौरान कुल 54 चालकों की प्रयागराज रीजन में रोडवेज द्वारा भर्ती की जाएगी। इसके अलावा इस दौरान रिटायर हो चुके परिचालकों को भी संविदा पर रखे जाने की कार्रवाई प्रयागराज परिक्षेत्र द्वारा शुरू की जाएगी।
कोरोना की वजह से संविदा पर की जाने वाली भर्ती 2019 के बाद से नहीं हुई है। पहले यह प्रक्रिया अप्रैल 2020 में होनी थी, लेकिन लॉकडाउन की वजह से तब भर्ती नहीं की गई। फिलहाल अब दो वर्ष के बाद रोडवेज द्वारा संविदा पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इसमें न्यूनतम शैक्षिक योग्यता कक्षा आठ पास मांगी गई है। साथ ही अभ्यर्थी के पास भारी वाहन चलाने का लाइसेंस भी अनिवार्य है।