सीएमपी कॉलेज के सामने रोडवेज द्वारा खाली मैदान में अस्थाई बस स्टेशन बनाए जाने का कार्य धीमी गति
सिविल लाइंस बस स्टेशन के पुनर्विकास का कार्य लगातार पिछड़ता जा रहा है। बस स्टेशन पर पुर्नविकास कार्य शुरू हो, इसके लिए जिला प्रशासन ने रोडवेज प्रशासन को सीएमपी डिग्री कॉलेज के सामने वाला मैदान तकरीबन दो सप्ताह पहले ही सुपुर्द किया। ताकि वहां अस्थायी बस स्टेशन बनाया जा सके और सिविल लाइंस में पुर्नविकास का कार्य रफ्तार पकड़ सके। लेकिन, सीएमपी कॉलेज के सामने वाले मैदान पर अब तक रोडवेज सिर्फ अपना बोर्ड ही लगवा सका है।
सिविल लाइंस बस स्टेशन के पुनर्विकास का कार्य ओमेक्स कंपनी को करना है। यह काम तभी शुरू होगा, जब वहां से बसों का संचालन पूर्ण रूप से बंद हो। इसी वजह से जिला प्रशासन की ओर से रोडवेज को बसों के संचालन के लिए सीएमपी डिग्री कॉलेज के सामने जमीन दी है। ताकि वहां अस्थायी बस स्टेशन बनाकर यूपी रोडवेज प्रशासन बसों का संचालन शुरू कर सके।
यहां से रोडवेज प्रशासन को वाराणसी, गोरखपुर, जौनपुर, लखनऊ और अयोध्या आदि रूट के लिए बसें संचालित करनी है। इससे पूर्व अस्थायी बस स्टेशन पर जमीन समतलीकरण का कार्य, अस्थायी यात्री शेड, शौचालय, बुकिंग ऑफिस, पूछताछ कार्यालय आदि का निर्माण करना है। यह सभी कार्य 25 जून तक पूरे हो जाने चाहिए थे, लेकिन अब तक वहां सिर्फ ‘बस स्टेशन प्रयागराज’ लिखा बोर्ड ही लगाया जा सका है। मैदान की बाउंड्री का भी कुछ हिस्सा तोड़ा गया है।
इसके अलावा यहां की प्रगति शून्य ही दिखाई दे रही है। जबकि अब तक वहां मैदान में चकर्ड प्लेट, अस्थायी यात्री शेड और शौचालय आदि की व्यवस्था करने के साथ बसों का संचालन शुरू हो जाना चाहिए था।
इस बारे में यूपी रोडवेज प्रयागराज रीजन के क्षेत्रीय प्रबंधक रविंद्र कुमार ने बताया कि अस्थायी बस स्टेशन पर यात्रियों को जरूरी सुविधाएं देने के लिए कार्य चल रहे हैं। बारिश की वजह से कुछ अड़चन जरूर आई लेकिन, उम्मीद है कि सप्ताह भर में सभी जरूरी कार्य पूरे कर लिए जाएंगे।