उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की भर्तियों की तैयारी में जुटे प्रतियोगियों को एक और बड़ा मौका मिलने जा रहा है। इस साल समीक्षा अधिकारी-सहायक समीक्षा अधिकारी (आरओ-एआरओ) की भी भर्ती होगी। तकरीबन 50 पदों के लिए अधियाचन आयोग को मिल चुका है। सचिवालय से पदाें का विवरण मांगा गया है। वहां से अधियाचन मिलने के बाद भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
आयोग के 2016 के वार्षिक कैलेंडर में आरओ-एआरओ भर्ती शामिल नहीं है। ऐसे में आशंका व्यक्त की जा रही है कि इस साल फिर इस पद के लिए भर्ती नहीं होगी, लेकिन तीन विभागों से अधियाचन मिल चुका है। इसलिए इस पद के लिए भी भर्ती करने की पहल की गई है। सचिव सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि राजस्व और लेखा विभाग तथा निर्वाचन आयोग से पदों का अधियाचन मिल चुका है। इनमें तकरीबन 50 पद शामिल हैं। उन्होंने बताया कि प्रमोशन के बाद आयोग में भी 30 से अधिक पद खाली हुए हैं। सचिवालय से पदों का विवरण मिलने के बाद भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
पीसीएस-जे के मामले में सुप्रीम कोर्ट जाएगा आयोग
पीसीएस-जे 2015 की प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम के मामले में लोक सेवा आयोग सुप्रीम कोर्ट में एसएलपी दायर करेगा। आयोग ने दो प्रश्नों के गलत जवाब को सही मानकर रिजल्ट घोषित कर दिया है। अभ्यर्थियों की याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने संशोधित रिजल्ट घोषित करने के लिए कहा है। सचिव ने बताया कि इस मामले में आयोग ने सुप्रीम कोर्ट जाने का निर्णय लिया है। उधर, पीसीएस-जे 2016 के लिए भी जल्द विज्ञापन की तैयारी है। शासन की ओर से 218 पदों के लिए अधियाचन भेजा गया है, लेकिन उसमें आरक्षण के पदों को पूर्णांक में कर लिया गया है, जो न्यायालय के आदेश के विरुद्ध है। इसलिए आयोग की ओर से उसमें संशोधन का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। वहां से जवाब आने के बाद इन पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
मुख्य परीक्षा के प्रारूप में बदलाव की तैयारी
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग पीसीएस समेत अन्य भर्तियों की मुख्य परीक्षा में बड़ा बदलाव करने का जा रहा है। अभी पीसीएस मुख्य परीक्षा में सामान्य अध्ययन के पेपर वस्तुनिष्ठ आधारित होते हैं। लोअर सबऑर्डिनेट और आरओ-एआरओ भर्ती की मुख्य परीक्षा में भी वस्तुनिष्ठ आधारित पेपर होते हैं। नए प्रारूप के अनुसार मुख्य परीक्षा में वस्तुनिष्ठ आधारित पेपर नहीं होंगे। सभी पेपर परंपरागत तरीके के होंगे। सचिव ने बताया कि इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। जल्द ही आयोग के समक्ष प्रस्ताव रखा जाएगा।
प्रतियोगियों ने अब राष्ट्रपति से लगाई गुहार
पीसीएस-2016 प्रारंभिक परीक्षा के रिजल्ट से असंतुष्ट प्रतियोगियों ने लोक सेवा आयोग की भर्तियों की सीबीआई जांच की मांग एक बार फिर तेज कर दी है। सोमवार को उन्होंने राष्ट्रपति को पत्र भेजा। प्रतियोगी छात्र संघर्ष समिति की अपील पर कई प्रतियोगियों ने डाक के माध्यम से पत्र भेजे। इसकी प्रति राज्यपाल ,प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री समेत अन्य लोगों को भी भेजी गई है। पत्र भेजने वालों में प्रमुख लोगों में अवनीश पांडेय, अमित सिंह, अशोक पांडेय आदि शामिल रहे।