पहली बार कंप्यूटर पर आयोजित लिया जाएगा टाइप टेस्ट
यूपीपीएससी जल्द ही घोषित कर सकता है परीक्षा की तिथि
प्रयागराज। आरओ/एआरओ-2017 के तहत एआरओ के पदों पर भर्ती के लिए टाइप टेस्ट दिसंबर माह में कराए जाने की तैयारी है। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग जल्द ही टाइप टेस्ट की तिथि घोषित कर सकता है। आयोग पहली बाद आरओ/एआरओ परीक्षा के तहत टाइप टेस्ट कंप्यूटर पर आयोजित कराने जा रहा है।
आरओ/एआरओ के 809 पदों पर भर्ती के लिए प्रारंभिक परीक्षा आठ अप्रैल 2018 को आयोजित की गई थी। हालांकि, विज्ञापन 465 पदों पर भर्ती के लिए जारी हुआ था। बाद में पदों की संख्या बढ़कर 809 हो गई। प्रारंभिक परीक्षा 21 जिलों के 1146 केंद्रों में आयोजित की गई थी। परीक्षा के लिए पांच लाख 33 हजार 447 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए थे और इनमें से तीन लाख 39 हजार 632 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। आयोग ने 14 दिसंबर 2018 को प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट भी जारी कर दिया, जिसमें 15342 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया।
फरवरी में मुख्य परीक्षा आयोजित की गई। इसी परीक्षा के आधार पर आरओ के पदों पर अंतिम चयन होना है, जबकि एआरओ के पदों पर अंतिम चयन से पूर्व टाइप टेस्ट होना है। टाइप टेस्ट अब तक परंपरागत टाइपराइटर पर होता रहा है, लेकिन इस बार आयोग ने कंप्यूटर पर टाइप टेस्ट कराने का निर्णय लिया। शुरुआत में अभ्यर्थियों ने इसका विरोध किया और जब आयोग इस पर अड़ा रहा तो अभ्यर्थियों ने मांग की कि कंप्यूटर पर टाइप टेस्ट देने के लिए कुछ समय दिया जाए।
अभ्यर्थियों को तैयारी के लिए दो माह का समय दिया गया था। आयोग के सूत्रों का कहना है कि समयसीमा अब पूरी हो रही है। दिसंबर में टाइप टेस्ट कराए जाने की तैयारी है। ऐसे में टाइप टेस्ट की तिथि जल्द ही घोषित होने की उम्मीद है। आयोग के सचिव जगदीश का कहना है कि आरओ/एआरओ-2017 के तहत जल्द ही टाइप टेस्ट की तिथि घोषित की जाएगी।