प्रयागराज। विवादों में घिरी समीक्षा अधिकारी (आरओ)/सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ)-2016 की प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट कब जारी होगा, इसको लेकर अभ्यर्थियों के बीच उहापोह की स्थिति है। हालांकि उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) इस परीक्षा की अंतरिम उत्तरकुंजी जारी कर चुका है और इस पर 26 जुलाई तक आपत्तियां भी मांगी गईं थीं लेकिन आईपीएस अफसर अमिताभ ठाकुर ने सचिव को पत्र लिखकर मांग की है कि परीक्षा का परिणाम अभी जारी न किया जाए।
आरओ/एआरओ -2016 की प्रारंभिक परीक्षा 27 नवंबर 2016 को 361 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित की गई थी। 21 जिलों के 827 परीक्षा केंद्रों में आयोजित परीक्षा के लिए 385191 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। परीक्षा दो पालियों में हुई थी। पहली पाली में 204907 (53.20) एवं दूसरी पाली में 203261 (52.77 फीसदी) अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी। हालांकि परीक्षा के दौरान ही लखनऊ के एक केंद्र से पेपर व्हाट्सएप पर वायरल हो गया था और मामले में आईपीएस अफसर अमिताभ ठाकुर की ओर से मुकदमा भी दर्ज करा दिया गया था।
सीबीसीआईडी ने इस मामले की जांच की और अपनी रिपोर्ट में कहा कि पेपर आउट होने के कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिले हैं। इसी रिपोर्ट के आधार पर आयोग ने गत 22 जुलाई को इस परीक्षा की अंतरिम उत्तरकुंजी जारी कर दी। साथ ही 26 जुलाई तक ऑनलाइन आपत्तियां भी मांग लीं। आयोग की इस सक्रियता से अभ्यर्थियों को लगा कि सप्ताह भर में आपत्तियों का निस्तारण कर आयोग प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट जारी कर देगा लेकिन आयोग के सूत्रों का कहना है कि रिजल्ट को लेकर उहापोह की स्थिति बनी हुई है और इसी वजह से आरओ/एआरओ-2016 की मुख्य परीक्षा को आयोग के कैलेंडर में भी शामिल नहीं किया गया है।